अंबाला सिटी। नूरपुर के पास कलेक्शन एजेंट से 90 हजार की छीनाझपटी के मामले में पुलिस को मिले सीसीटीवी फुटेज में बदमाशों के चेहरे धुंधले मिले हैं। इससे पुलिस की मशक्कत बढ़ गई है।
वारदात के बाद पुलिस ने आवागमन के रास्तों पर लगे जो सीसीटीवी देखे थे, उनमें से एक फुटेज में बाइक पर भागते बदमाश दिखे। उनके चेहरे धुंधले नजर आने पर फुटेज को एक्सपर्ट से साफ करवाने के बाद भी पुलिस की परेशानी कम नहीं हुई। बावजूद इसके सीआईए, सदर व साइबर टीमों ने हार नहीं मानी है। मौके से उठाए मोबाइल डंप की मदद ली जा रही है। 11 मई को सदर थाने में दर्ज मामले में बाइक पर आ रहे एजेंट के पीछे आए बदमाश नकदी से भरा बैग झपटकर जनसुई हेड की तरफ भाग गए थे। एजेंट को डंडों से पीटा भी था। सदर थाने में दर्ज घटना की तफ्तीश जारी है।
घटनाक्रम
कैंट गीता गोपाल चौक के पास जेना स्माल फाइनेंस कंपनी के एजेंट नरेश का कहना था कि कंपनी 50 से 60 हजार तक लोन देती है। मैं किश्ते लाता हूं। मंगलवार को मैं 90 हजार की कलेक्शन करने के बाद मैं रोशनपुरा की तरफ से आ रहा था। नूरपुर के पास पीछे से बाइक पर तीन युवक आए जोकि 25 से 30 साल के थे। एक लंबे मुंह वाला था। एक ने मेरे हेलमेट पर जोरदार थप्पड़ मारा, जिससे बाइक संतुलन खोकर पलट गई। फिर वे मुझे डंडों से पीटने लगे। बैग छीनने का विरोध किया तो उन्होंने हाथों व बाजुओं पर चोट मारी। बैग छीनकर जनसुई हेड की तरफ चले गए। मैं बाइक नंबर नोट नहीं कर पाया लेकिन पहचान सकता हूं।
आलाधिकारियों के दिशा-निर्देश पर सीआईए व साइबर टीमों के साथ मिलकर केस सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है। जनसुई हेड के पास सीसीटीवी फुटेट मिली थी, जिसमें बाइक सवार दिखे लेकिन उनके चेहरे धुंधले होने के कारण पहचान में नहीं आ रहे। फोटो पहचान के लिए एक्सपर्ट का सहारा लिया जा रहा है। मुखबिरों की भी मदद ली जा रही है। केस जल्द सुलझा लिया जाएगा।
- सुरेश सैनी, प्रभारी सदर थाना।