संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। ईएसआई हेल्थ केयर श्रम विभाग की ओर से कैंट के नागरिक अस्पताल में दो दिवसीय जांच शिविर की शुरूआत हुई। शिविर का उद्घाटन ऊर्जा एवं परिवहन मंत्री अनिल विज ने किया।
इसमें 215 श्रमिकों के स्वास्थ्य की जांच की गई। इसके अलावा महाराजा अग्रसेन जयंती पर ओपीडी बंद होने के बावजूद कई सामान्य मरीज भी पहुंचे। उन्हें भी शिविर में उपचार दिया गया।
ईएसआई विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने कुल जांचा। बीमार पाए जाने वाले मरीज के टेस्ट, अल्ट्रासाउंड के बाद दवाई भी दी गई। 70 मरीजों के सैंपल लेकर जांच हुई तो 10 मरीजों के पेट में दर्द की समस्या होने पर अल्ट्रासाउंड भी करवाया गया। इस मौके पर ईएसआई के डायरेक्टर अनिल मलिक शामिल रहे।
अस्पताल की अलग ओपीडी में बैठ विशेषज्ञों ने जांचा स्वास्थ्य : इस जांच शिविर की खास बात यह थी कि छुट्टी के बावजूद ओपीडी ब्लॉक के ग्राउंड फ्लोर पर सभी कमरों को खोला गया था। शिविर की नोडल अधिकारी डॉ. नेहा ने बताया कि अलग-अलग कमरों में पांच चिकित्सा अधिकारी, एक पल्मोनोलॉजिस्ट, एक अस्थि शल्य चिकित्सक, एक ईएनटी विशेषज्ञ, एक एलएमओ तथा एक आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी बैठे थे।
उन्होंने मरीजों का हीमोग्लोबिन, रक्त शर्करा, कम्प्लीट ब्लड काउंट, लिपिड प्रोफाइल, लीवर फंक्शन टेस्ट, किडनी फंक्शन टेस्ट आदि जैसी प्रयोगशाला जांची। इसके अतिरिक्त ईसीजी एवं एक्स-रे भी किए गए।