मिल्ट्री अस्पताल में दो दिन पहले एक स्टाफ को कोरोना पॉजिटिव घोषित करने के बाद वीरवार को एक और नया केस उजागर हुआ। यहां पर पंजाब के दप्पर से आई एक गर्भवती महिला को कोरोना पॉजिटिव घोषित किया गया। इस महिला का सैंपल बुधवार को लिया गया था। जांच में महिला पॉजिटिव निकली। बताया जा रहा है कि महिला के कोई रिश्तेदार आर्मी में हैं और उन्हीं के जरिए महिला मिल्ट्री अस्पताल में आई थी। इस रिपोर्ट के साथ अंबाला में अब तक कोरोना के 48 केस पॉजिटिव हो चुके हैं। हालांकि इनमें से 6 केस ही इस समय एक्टिव हैं
करवाई जाएगी महिला की नार्मल डिलीवरी
रिपोर्ट आने से पहले महिला की सिजेरियन डिलीवरी करवाने की प्लानिंग की गई थी। लेकिन रिपोर्ट के बाद महिला की नार्मल डिलीवरी करवाई जाएगी। बताया जा रहा है कि महिला की आज-कल में ही डिलीवरी होनी है। कोरोना पॉजिटिव होने के कारण अब बच्चे को सुरक्षित रखना भी डाक्टरों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं होगा।
मिल्ट्री खुद करेगी व्यवस्था
बता दें कि मिल्ट्री में पाए जाने वाले कोरोना केस की मिल्ट्री खुद व्यवस्था करता है। आर्मी से मामला जुड़ा होने के कारण सिविलियन को इसके बार में ज्यादा जानकारी भी नहीं दी जाती। अब मिल्ट्री अस्पताल में दो कोरोना केस हो चुके हैं।
महिला दप्पर की रहने वाली है। मिल्ट्री अस्पताल में वह डिलीवरी के लिए आई थी। हमारे पास सैंपल जांच के लिए आए थे। अब आर्मी उनकी व्यवस्था खुद निजी स्तर पर करेगी।
डॉ. कुलदीप सिंह, सिविल सर्जन।