अंबाला। छावनी नागरिक अस्पताल में रविवार ब्लैक फंगस के लक्षण वाला मरीज सामने आया है। कोरोना संक्रमित मरीज की एक आंख में सूजन है लेकिन स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक फिलहाल उसे ब्लैक फंगस का मरीज नहीं कहा जा सकता। उनका कहना है कि सोमवार को एमआरआई करवाने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी कि यह सूजन आखिर क्यूं आई है।
बताया जाता है कि दो दिन पहले ही कोरोना संक्रमित मरीज अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में दाखिल हुआ था। रविवार को मरीज की आंख में सूजन दिखी तो डॉक्टरों ने उसकी जांच की लेकिन उन्हें लगा कि थोड़ा इंतजार करना चाहिए कि आखिर यह ब्लैक फंगस है या फिर नार्मल आंखों के दर्द के बाद सूजन। रविवार को निगरानी में रखने के बाद सोमवार को एमआरआई करवाया जाएगा। फिजिशियन डॉ. संजीव गोयल का कहना था कि बिना एमआरआई के कुछ नहीं कहा जा सकता। सोमवार को ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
बता दें कि शनिवार को ही अंबाला के शहजादपुर में ब्लैक फंगस का पहला मामला सामने आया था। गत दिवस ही वह छावनी नागरिक अस्पताल से छुट्टी लेकर घर गया था और निगेटिव आया था। घर जाकर उसकी आंख में सूजन आ गई थी। प्राइवेट अस्पताल में ब्लैक फंगस पकड़ में आई और वह पीजीआई में उपचाराधीन है।