पूछताछ के बाद चेतावनी देकर छोड़ा
अंबाला। छावनी में सार्वजनिक स्थानों पर बीमारी का बहाना बनाकर लोगों को ठगने वाले शातिर को बस अड्डा कर्मचारियों ने पकड़ा लिया। यह ठग काफी समय से नागरिक अस्पताल की ओपीडी पर्ची दिखाकर खुद को और अपनी पत्नी को गंभीर बीमार बताकर लोगों से आर्थिक मदद के नाम पर रुपये ऐंठ रहा था। वह छावनी बस अड्डे और रेलवे स्टेशन पर सक्रिय था। जो राहगीरों को अस्पताल का कार्ड दिखाकर मजबूरी का हवाला देता था और इलाज के लिए पैसे मांगता था।
बस अड्डे पर तैनात कर्मचारियों को कई दिनों से इसकी गतिविधियों पर संदेह था। शुक्रवार को जब वह दोबारा बस अड्डे पर लोगों को ठगने का प्रयास कर रहा था, तब कर्मचारियों ने उसे पकड़ लिया। पकड़े गए व्यक्ति को रोडवेज संस्थान प्रबंधक बिजेंद्र सिंह के समक्ष पेश किया गया। पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार किया कि वह बीमारी का नाटक कर लोगों से पैसे ऐंठता है। भविष्य में दोबारा ऐसा न करने की चेतावनी के बाद संस्थान प्रबंधक ने उसे छोड़ दिया। अंबाला में इस तरह की ठगी का यह पहला मामला नहीं है। कुछ दिन पूर्व ही अंबाला-जगाधरी राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक ढोंगी द्वारा लोगों को झांसा देकर रुपये ऐंठने का मामला सामने आया था। संवाद