संवाद न्यूज एजेंसी
मुलाना। दोसड़का-सढ़ौरा मार्ग पर धनौरा गांव स्थित भारती पेट्रोल पंप पर तीन बदमाशों ने कार में 3900 रुपये का पेट्रोल डलवाया और झांसा देकर सेल्समैन से 4500 रुपये नकद भी ले लिए। वारदात पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
सरदेहड़ी निवासी सेल्समैन परविन्द्र सिंह ने बताया कि बुधवार शाम एक वैगनआर कार में तीन युवक आए। उन्होंने कार की टंकी फुल करने को कहा। इस पर सेल्समैन ने 3900 रुपये का पेट्रोल भर दिया।
इसी दौरान आरोपियों ने सेल्समैन को क्रेडिट कार्ड से भुगतान करने का झांसा दिया और कहा कि उन्हें नकदी की जरूरत है। झांसे में आकर सेल्समैन ने उन्हें 4500 रुपये कैश दे दिए।
इसके बाद आरोपियों ने क्रेडिट कार्ड स्वाइप करने का नाटक किया, लेकिन ट्रांजेक्शन फेल हो गया। खुद को फंसता देख एक आरोपी ने कहा कि वह अपनी पत्नी से यूपीआई के जरिए पेमेंट करवा रहा है। आरोपी फोन पर बात करने का बहाना बनाते हुए धीरे से कार में जा बैठा और अचानक चालक ने तेज रफ्तार में गाड़ी दौड़ा दी।