संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। महेशनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत अजीत नगर की गली नंबर-5 में बुधवार दोपहर जर्जर गली के निर्माण को लेकर दो पक्ष भिड़ गए। इस झड़प में वार्ड-10 से सदस्य भाजपा के रमन छतवाल और स्थानीय कारोबारी पक्ष से राजेश शर्मा समेत तीन लोग घायल हो गए। झगड़े की सूचना पर महेशनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए छावनी के नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद कारोबारी राजेश शर्मा की गंभीर हालत को देखते हुए चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। अस्पताल परिसर में भी दोनों पक्ष पुलिस के समक्ष आमने-सामने हो गए थे। पुलिस ने शांत कराया। कैबिनेट मंत्री अनिल विज भी वार्ड सदस्य व घायलों का हाल जानने नागरिक अस्पताल पहुंचे।
महेश नगर थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार ने बताया कि वार्ड 10 के सदस्य रमन छतवाल की शिकायत पर पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस के अनुसार, अजीत नगर की गली नंबर 5 का कुछ हिस्सा काफी समय से जर्जर स्थिति में है। घायल राजेश शर्मा के परिजनों का कहना है कि वे कई बार वार्ड सदस्य रमन छतवाल से गली की मरम्मत कराने का आग्रह कर चुके थे।
आरोप है कि बुधवार दोपहर जब निर्माण कराने को लेकर बातचीत शुरू हुई तो दोनों पक्षों में बहस हो गई। कारोबारी पक्ष का आरोप है कि भाजपा पार्षद ने अपने समर्थकों के साथ मिलकर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया और उनका मोबाइल फोन छीन लिया।
अजीत नगर में व्यक्ति पर हमला करते हुए। सोशल मीडिया- फोटो : Archive
अजीत नगर में व्यक्ति पर हमला करते हुए। सोशल मीडिया- फोटो : Archive
अजीत नगर में व्यक्ति पर हमला करते हुए। सोशल मीडिया- फोटो : Archive