मेयर पद पर उपचुनाव को लेकर शहर में जन आशीर्वाद रैली में मुख्यमंत्री नायब सिंह पहुंचे। उन्होंने अपने 30 मिनट के भाषण में कांग्रेस और केजरीवाल पर निशाना साधा। साथ ही बीच-बीच में अपने मजाकिया अंदाज में कार्यकर्ताओं को हंसाया भी। मुख्यमंत्री नायब सिंह ने कहा कि सिर्फ अंबाला में ही नहीं, बल्कि पूरे हरियाणा से कांग्रेस का सुपड़ा साफ हो जाएगा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जहां अरविंद केजरीवाल पर खूब हल्ला बोला और आने वाले दिनों में पंजाब में भी भाजपा का परचम लहराने की बात की।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने जनसभा में अंबाला शहर के कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं नगर निगम डिप्टी मेयर राजेश मेहता को भाजपा का पटका पहनाकर पार्टी की सदस्यता दिलवाई। इसके साथ ही मुख्यमंत्री नायब सिंह ने एक बार फिर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल को जमकर घेरा और उनके द्वारा हरियाणा पर यमुना में जहर घोलने के आरोप पर केजरीवाल पर हमला बोला।
उन्होंने कहा कि एक जिम्मेवार व्यक्ति की ओर से इस तरीके के बयान लाखों लोगों की जान खतरे में डाल सकते थे, लेकिन वह केजरीवाल के बयानों को झूठलाने के लिए और उनके बयानों को सुधारने के लिए खुद यमुना मैया के पास गए और यमुना का पानी पीकर साबित किया कि यमुना के पानी में जहर नहीं है। मुख्यमंत्री ने हंसते हुए कहा कि मैंने यमुना मैया से केजरीवाल का सुपड़ा साफ करने का आग्रह किया था और दिल्ली चुनाव में केजरीवाल का सुपड़ा साफ हो गया है। मुख्यमंत्री ने हंसते हुए कहा कि केजरीवाल तो अब तक बेहोश हैं, उन्होंने तो पानी भी नहीं मांगा।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कांग्रेस पर भी खूब कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार को मात्र 100 दिन हुए है और 100 दिन के अंदर 18 महत्वपूर्ण फैसले लिए है और 10 फैसले ऐसे हैं, जिनकी आर्थिक और प्रशासनिक अनुमति बाकी है। जो जल्द आ जाएगी तो कुल 28 फैसले ऐसे होंगे जिसका फायदा सीधे आम आदमी को मिलेगा। उन्होंने कहा कि लोकसभा, विधानसभा और दिल्ली चुनाव के बाद नगर निकाय के चुनाव करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने सोचा कि कढ़ाई तो चढ़ ही रही है, लगे हाथ यहां भी भाजपा को जिताकर जलेबी बांटी जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोग कहते हैं कि असीम गोयल विधायक नहीं बने तो उनकी चल नहीं रही। मुख्यमंत्री ने हंसते हुए कहा कि असीम गोयल की विधायक से ज्यादा चल रही है। उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगम में फंड की कमी नहीं आने दी जाएगी। वहीं, कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए अंबाला शहर नगर निगम के डिप्टी मेयर राजेश मेहता ने कहा कि आज कांग्रेस लुप्त होती जा रही है और इस बार पूरे प्रदेश में कांग्रेस की कोई सीट देखने को नहीं मिलेगी। कांग्रेस के लोग एसी कमरे में बैठकर सिर्फ ट्वीट करते हैं।