अंबाला। आज से जिले में 22 अगस्त तक हर-हर महादेव के जयकारे गूंजेंगे। हिंदू पंचांग के अनुसार सावन माह की शुरुआत 25 जुलाई को श्रवण नक्षत्र आयुष योग से हो रही है। 22 अगस्त रक्षाबंधन पर सावन का यह महीना समाप्त होगा। इस बार खास बात यह होगी कि इस बार के सावन की शुरुआत भी रविवार के दिन को हो रही है और सावन का समापन भी इसी दिन हो रहा है।
इस बार सावन का महीना 29 दिनों का होगा। देवों के देव बाबा भोलेनाथ की उपासना के इस महीने में नवमी तिथि का क्षय होने के कारण 16 अगस्त को अष्टमी और नवमी तिथि दो तिथि एक ही दिन समायोजित हो रही हैं। सावन के महीने में सोमवार एवं मंगला गौरी का व्रत का बहुत अधिक महत्वपूर्ण माना जाता है यह भोलेनाथ और माता पार्वती का बहुत ही प्रिय दिन है। इस बार सावन का पहला सोमवार 26 जुलाई धनिष्ठा नक्षत्र में आ रहा है।
सावन में रहेंगे चार सोमवार के व्रत
ज्योतिषी गिरीश आहुजा ने बताया कि सावन के सोमवार के दिन शिवलिंग पर बेलपत्र जरूर चढ़ाने चाहिए क्योंकि वह भगवान शिव को बहुत ही प्रिय हैं। मान्यता है कि 3 पत्तियों से युक्त एक बेलपत्र 3 जन्मों के पापों का नाश करता है। 1 हजार नीलकमल के बराबर एक बेलपत्र होता है। इसके चढ़ाने से व्यक्ति के सारे कष्ट दूर हो जाते हैं।
ऐसे करें भोले बाबा की पूजा, मिलेगा फल
नौकरी व बिजनेस में किसी भी प्रकार की समस्या हो तो भगवान शिव पर जल में थोड़ा गंगाजल व शहद मिलाकर अभिषेक करने से लाभ मिलता है। जिन लोगों की कुंडली में चंद्रमा नीच राशि का है उन्हें एक चांदी का टुकड़ा लेकर चलते पानी में प्रवाहित करना चाहिए, यह उपाय सावन के सोमवार से शुरू करके लगातार 11 सोमवार तक करें।