अंबाला छावनी क्षेत्र के विकास में भेदभाव का आरोप लगाते हुए रविवार को सैकड़ों भाजपाइयों ने अर्द्धनग्न प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व छावनी के भाजपा विधायक अनिल विज कर रहे थे।
रोष मार्च छावनी के एसडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल से शुरू होकर मुख्य बाजारों से होते हुए सदर बाजार चौक पर पहुंचा।
विधायक अनिल विज ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने कैंट इलाके में विकास के नाम पर एक ईंट तक नहीं लगाई। विज ने बताया कि उन्होंने छावनी को बाढ़ की स्थिति से बचाने के लिए रिंग बांध योजना, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट, अंतर्राष्ट्रीय शहीदी स्मारक योजना सहित अन्य कई योजनाओं को मंजूर करवाया लेकिन सरकार ने इन योजनाओं को पूरी कराने में रोड़ा अटका रही है।
हुड्डा सरकार आने के बाद से अंबाला में सड़कों व सफाई व्यवस्था अत्यंत दयनीय है। मुख्य नालों की सफाई नहीं हो रही है। निगम बनने के बाद अभी तक सफाई कर्मचारियों का अभाव बना हुआ है।
निगम बनने के तीन साल बाद भी कमिश्नर नियुक्त नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि निगम में भ्रष्टाचार चरम पर है।
विज का आरोप है कि सरकार जनहित से जुड़े मामलों को न तो विधानसभा में सुनती है और न ही विधानसभा के बाहर जनता के विकास के बारे में सोचा जाता है। विज ने बताया कि देश में नरेंद्र मोदी की लहर चारों तरफ फैल चुकी है और उनके नेतृत्व में भाजपा आने वाले चुनाव में देश को कांग्रेस मुक्त करेगी और नए भारत का निर्माण करेगी।
इस अवसर पर विनीत शर्मा, बृज भूषण कौशिक, सुधीर गुप्ता, मुकेश राणा, ललित चौधरी, सोनू चौधरी, सुनील चोपड़ा, सुमित चौहान, आशीष तायल, सोम चोपड़ा, जसबीर जस्सी, ललता प्रसाद, सुरेंद्र डब्बू, बलविंद्र सिंह, मदन लाल शर्मा, बंटी सोनकर, राज कुमार राजा, सुरेंद्र तिवारी, सतपाल ढल, टोनी बिंद्रा, अमरजीत सिंह, पप्पू, राम बाबू यादव, मुकेश राणा, पुनीत अरोड़ा, मोहित चौहान, जगदीश अरोड़ा, ओम सहगल, एसपी भाटिया, मीडिया प्रभारी बलकेश वत्स व अशोक शर्मा मौजूद रहे।