संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। चूरापोस्त की तस्करी करने वाले दो आरोपियों की धरपकड़ के लिए जीआरपी ने बरेली और कपूरथला में दबिश दी, लेकिन आरोपी पकड़ में नहीं आए। अब दोनों आरोपियों को जांच में शामिल होने का नोटिस जारी किया जाएगा। अगर फिर भी आरोपी जांच में शामिल नहीं होते तो कोर्ट में याचिका डालकर गैर जमानती वारंट जारी करवाया जाएगा और फिर स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपियों को पकड़ा जाएगा।
जीआरपी ने चूरापोस्त की तस्करी में पकड़े गए बरेली निवासी राजेंद्र का रिमांड खत्म होने पर उसे मंगलवार को विशेष रेलवे मजिस्ट्रेट सचिन त्यागी की अदालत में पेश किया गया और यहां से आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इसी प्रकार दूसरे मामले में नशे की गोलियों सहित पकड़े गए बिहार निवासी शहनवाज को भी भी एसआरएम की कोर्ट में पेश गया और उसे भी जेल भेजने के आदेश जारी कर दिए।
यह था मामला जीआरपी ने मुखबिर की सूचना पर चार अक्तूबर को प्लेटफार्म 1-ए से दो अलग-अलग मामलों दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था जोकि नशे की गोलियां और चूरापोस्त की सप्लाई देने पंजाब जा रहे थे। आरोपियों की पहचान बिहार निवासी शहनवाज के तौर पर हुई थी और उसके कब्जे से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित दवाई की गोलियां बरामद हुई थी। दूसरे मामले में उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी राजेंद्र को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से पांच किलो 538 ग्राम चूरापोस्त बरामद किया गया था जोकि जालंधर में सप्लाई देने वाला था।