अंबाला। प्रदेश के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि राज्य सरकार ने किसान आंदोलन के समय दर्ज हुए मामले वापस ले लिए हैं। कुछ मामले कोर्ट में विचाराधीन हैं फिर भी कोई मामला है तो उसकी जांच करवाई जाएगी। यह जानकारी उन्होंने गुरनाम सिंह चढू़नी द्वारा आंदोलन को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में दी। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के साथ है। उनके साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
गृहमंत्री ने कहा कि प्रजातंत्र में लोगों की पसंद चलती है। कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा केंद्र सरकार पर नाम बदलने के संबंध में लगाए गए आरोपों पर पलटवार करते हुए गृह मंत्री विज ने कहा कि हम काम करते हैं, काम किया है। काम करते हुए अब आपने देश का नाम इंदिरा और नेहरू पर रख दिया। अब लोग उनको पसंद नहीं करते हैं। प्रजातंत्र में लोगों की पसंद चलती है इसलिए लोगों की पसंद के मुताबिक नाम बदलने पड़ते हैं। उन्होंने कहा कि वे पहले नाम गिनकर बता दें कि कितने नाम हमने बदले हैं। उन्होंने गुजरात में सोलंकी की टिकट काटने के संबंध में कहा कि गुजरात हो या देश का कोई भी कोना हो, कांग्रेस धरातल में जा रही है। जब धरातल में जाया जाता है तो आपस में कपड़े फाडे़ ही जाते हैं।
उन्होंने कहा कि पंचायत चुनावों में पढ़े-लिखे सरपंच जीतकर आ रहे हैं, यही सरपंच हिंदुस्तान को ऊंचाइयों पर लेकर जाएंगे। मंगलवार को गृहमंत्री अनिल विज के आवास पर मोहड़ा और अन्य गांवों से आए नवनियुक्त सरपंचों व पंचों ने उनका आशीर्वाद लिया। विज ने कहा कि पंच और सरपंचों के जीतने का श्रेय हमारी सरकार को जाता है। इसी कारण जीतने वाले पंच और सरपंच उनके पास मिलने आ रहे हैं और सरकार का आभार प्रकट कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन पंचायतों को सरकार पूरा सहयोग करेगी। उन्होंने सरपंचों व पंचायत सदस्यों से आह्वान किया कि वे समाज हित में बेहतर कार्य करें। इस मौके पर मोहड़ा से युवा महिला सरपंच कमलजीत कौर, भूरा माजरा से महिला सरपंच रजनी, पंच कमलजीत सिंह, विजय, अमनदीप सिंह, संगीता, मिनाक्षी और कुलदीप कुमार मौजूद रहे।