अंबाला। प्रदेशभर के छह सरकारी स्वीमिंग पूल एक साथ निविदा के फेर में उलझ गए हैं। भीषण गर्मी के बावजूद तैराक प्रेमियों को पूल की ठंडक नहीं मिल पा रही। साथ ही तैराक खिलाड़ी भी प्रशिक्षण से वंचित हैं।
इनमें से अंबाला कैंट, नारायणगढ़, फरीदाबाद, गुरुग्राम, महेंद्रगढ़ और भिवानी के स्वीमिंग पूल दो माह बाद भी तैराकी प्रेमियों और अन्य खिलाड़ियों के लिए शुरू नहीं हो पाए। केवल खेल नर्सरियों में प्रशिक्षण लेने वाले 25-25 खिलाड़ियों को ही इस पूल में प्रशिक्षण का लाभ मिल रहा है।
अंबाला कैंट, फरीदाबाद, गुरुग्राम, महेंद्रगढ़ और भिवानी के पूल का टेंडर 31 मार्च को खत्म हो गया था, लेकिन खेल विभाग की अनदेखी के कारण इसकी नई निविदा नहीं हो पाई। न ही जिला स्तर पर नई निविदा जारी होने तक पुराने ठेकेदार को पूल चलाने की अनुमति दी गई।
अंबाला के शहजादपुर स्थित बड़ागढ़ खेल स्टेडियम में इसी वर्ष नए पूल की शुरुआत होनी थी, वो भी अधर में है। प्रदेश में कुल नाै सरकारी स्वीमिंग पूल हैं। इनमें से जींद, कुरुक्षेत्र और करनाल तीन जगह पूल चल रहे हैं।
जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं शुरू, पर पूल नहीं
प्रदेशभर में स्वीमिंग की जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं शुरू हो गई हैं। कुछ जिलों में चल रही है तो कुछ में जल्द ही कराई जाएगी। जबकि जून में स्टेट और अगस्त में स्वीमिंग की राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं का आगाज होगा। इन प्रतियोगिताओं की तैयारियों के लिए सरकारी, निजी स्कूलों के खिलाड़ी तरस रहे हैं। मजबूरन उन्हें निजी स्वीमिंग पूल का सहारा लेना पड़ रहा है। इसका असर खिलाड़ियों के अभ्यास पर पड़ रहा है। जबकि सब जूनियर नेशनल बहादुरगढ़ में 10 से 13 अगस्त तक होने जा रही है।
वर्जन
प्रदेशभर में बंद स्वीमिंग पूल की निविदा की प्रक्रिया पाइप लाइन में है। दाे यो तीन दिन तक निविदा जारी कर दी जाएगी।
-गौरव गौतम, खेल मंत्री, हरियाणा।