कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुलाना में मारकंडा नदी के तट पर किया प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
मुलाना। आगामी मानसून के मद्देनजर जलभराव की समस्या को लेकर राजनीति गरमा गई है। अंबाला लोकसभा क्षेत्र से सांसद वरुण चौधरी की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रविवार को मुलाना में मारकंडा नदी के तट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदेश सरकार के खिलाफ आमजन के सहयोग से एक हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, ताकि सोए हुए प्रशासन को जगाया जा सके। प्रदर्शन में मुलाना विधायक पूजा और कांग्रेस जिला अध्यक्ष दुष्यंत चौहान विशेष रूप से मौजूद रहे।
जनसभा को संबोधित करते हुए सांसद वरुण चौधरी ने सरकार की मंशा पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मुलाना क्षेत्र के अधिकांश घर मारकंडा नदी से निकलने वाली रेत से बने हैं, लेकिन सरकार ने नदी की खुदाई का जो टेंडर जारी किया है, उसमें रेत की जगह मिट्टी दर्शाया गया है। सांसद ने आरोप लगाया कि रेत को मिट्टी बताकर प्रदेश के राजस्व को भारी नुकसान पहुंचाया जा रहा है। इसकी उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए।
बाढ़ की आहट पर प्रशासन बेपरवाह
सांसद ने कहा कि मानसून सिर पर है, लेकिन नदियों और नालों की सफाई का काम ठप पड़ा है। मारकंडा जैसी बड़ी नदी की खुदाई के लिए मात्र एक पोकलेन मशीन लगाई गई है जो ऊंट के मुंह में जीरे के समान है। पिछले साल बाढ़ ने फसलों, व्यापारियों और पशुधन को तबाह कर दिया था लेकिन सरकार ने कोई सबक नहीं सीखा। वहीं विधायक पूजा ने कहा कि उन्होंने इस मांग को विधानसभा में भी उठाया था, लेकिन सरकार की ढिलाई से जनता फिर खतरे में है।
चंडीगढ़ तक पैदल मार्च की चेतावनी
कांग्रेस ने साफ किया कि यह हस्ताक्षर अभियान जनता की आवाज को चंडीगढ़ तक पहुंचाने का जरिया है। वरुण चौधरी ने चेतावनी दी कि यदि मानसून से पहले सभी ड्रेनों और नदियों की युद्धस्तर पर खुदाई नहीं हुई, तो वह क्षेत्र की जनता को साथ लेकर चंडीगढ़ तक पैदल मार्च करेंगे। इस मौके पर पूर्व सूचना आयुक्त अशोक मेहता, वीर देविंदर लाल, प्रमोद गर्ग, निखिल शर्मा और काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।