संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। कैंट के लक्कड़ बाजार में सोमवार देर रात तीन बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। तीन शातिर चोरों ने पहले तो राजा निशांत के बंद मकान से टूटिंयां सहित अन्य सामान चोरी कर लिया। फिर मकान की छत से एक कारोबारी दीपक जैन के घर में छत के रास्ते से दाखिल हो गए। कारोबारी की पत्नी ने जब एक युवक को रात 2 बजे कमरे में देखा तो शोर मचा दिया।
पूरे घर में हलचल मच गई। इस दौरान शातिर चोर छत के रास्ते से बंद मकान के जरिये निकलकर फरार हो गए। लोगों ने चोरों का पीछा भी किया। लेकिन पकड़ में नहीं आए। सूचना पाकर डायल 112 की गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर करीब 20 मिनट तक सर्च अभियान चलाया लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं लगा।
हालांकि एक चोर का मोबाइल मौके पर ही अगली सुबह छत पर मिला। अंबाला कैंट थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों पर मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी।
शोर मचने पर बंद मकान में छिपे, पुलिस ढूंढने लगी तो हो गए फरार : अंबाला कैंट थाना पुलिस को दी तहरीर में लक्कड़ बाजार निवासी दीपक जैन ने बताया कि 27 अक्तूबर की रात दो बजे वह अपनी घर की पहली मंजिल पर सो रहे थे।
पत्नी ने जैसे ही एक कमरे में व्यक्ति को देखा तो शोर मचाया दिया। देखा कि तीन चोर छत की तरफ भाग रहे थे। एक से दूसरी छत पर भागने लगे तो पड़ोसी भी जग गए। डायल 112 को बुलाने के बाद पुलिस के संग मिलकर चोरों को ढूंढने का प्रयास किया वो नहीं मिले। साथ वाले बंद घर में देखा तो दो चोर वहां से निकलकर फरार हो गए।
जब सीसीटीवी खंगाले तो पता चला कि एक चोर पहले ही गली के रास्ते भाग गया था। तीन चोर घर में चोरी की नीयत से दाखिल हुए थे। अगले दिन चोरों का मौके पर छुटा हुआ फोन भी छत पर मिला।
इसके अलावा चोरों ने बंद मकान के मालिक राजा निशांत के घर से टूटियों सहित हजारों का सामान चुरा लिया। मकान मालिक अपने दूसरे मकान डिफेंस कॉलोनी में रहता है।