संवाद न्यूज एजेंसीअंबाला सिटी। कपड़ा मार्केट में बुधवार को एक शातिर महिला ठग ने बंद फाटक झुग्गी-झोपड़ी निवासी जरूरतमंद महिला को बातों में फंसाकर उसकी सोने की बालियां ठग लीं। आरोपी महिला पीड़िता को बाजारों में घुमाकर लाखों की
खरीदारी का नाटक करती रही और बाद में गाड़ी में बैठते ही गहने उतरवाकर रफूचक्कर हो गई।
अंबाला सिटी थाना पुलिस ने पीड़िता सावित्री की शिकायत पर अज्ञात महिला के खिलाफ प्राथिमकी दर्ज कर ली है। पुलिस चौकी नंबर-3 प्रभारी हरप्रीत सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी महिला और गाड़ी का पता लगाया जा सके।
पीड़िता सावित्री ने बताया कि बुधवार दोपहर एक महिला उसके पास आई और कहा कि उसकी बेटी के घर लड़का हुआ है तथा वह दान करना चाहती है। इसके बाद वह उसे परचून की दुकान, कपड़ा मार्केट और सर्राफा बाजार ले गई।
आरोपी ने कई दुकानों पर सामान पसंद किया, लेकिन पैसे बाद में देने की बात कहती रही।
सावित्री ने बताया कि सर्राफा बाजार से निकलने के बाद आरोपी महिला किराये की गाड़ी में बैठी और पीड़िता से कहा कि उसे बेटी के पास जाना है, लेकिन
पहनने के लिए बालियां नहीं हैं। उसने पीड़िता से उसकी बालियां ले लीं और गाड़ी से उतरकर रफूचक्कर हो गई। काफी देर इंतजार के बाद पीड़िता को ठगी का पता चला।