अंबाला। थाना महेश नगर क्षेत्र के तहत न्यू शक्ति नगर (टांगरी बांध) में चोरों ने एक बंद मकान के ताले तोड़कर सोने-चांदी के कीमती जेवर चोरी कर लिए। पीड़िता अपने बीमार बेटे का इलाज कराने अस्पताल गई हुई थी, इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस को दी शिकायत में न्यू शक्ति नगर निवासी कमलेश रानी ने बताया कि 4 सितंबर की रात करीब 10 बजे उनके छोटे बेटे की तबीयत बिगड़ने पर वह अपने बड़े बेटे के साथ उसे इलाज के लिए सिटी अस्पताल ले गई थीं। अगली सुबह 5 सितंबर करीब 9 बजे जब वे घर वापस लौटे, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ देखकर उनके होश उड़ गए।
पीड़िता ने बताया कि घर के अंदर जाने पर कमरे का सारा सामान जमीन पर अस्त-व्यस्त बिखरा हुआ था। सामान की जांच करने पर अलमारी में रखे 2 सोने के टाॅपस (झुमके), 2 सोने की अंगूठियां और 1 चांदी की पायल गायब मिलीं। पीड़िता ने पहले अपने स्तर पर जेवरातों की काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग न मिलने पर पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी। जांच अधिकारी धीरज कुमार ने बताया कि चोरी 305 और सेंधमारी की धारा 331(4) के तहत अज्ञात चोर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरु कर दी गई है। संवाद