वारदात से पहले बदमाशों ने कमरे में बाहर से लगा दी कुंडी
संवाद न्यूज एजेंसी
बराड़ा। सीवन माजरा गांव में पांच अक्तूबर की रात चोरों ने मकान मालिक को परिवार सहित कमरे में बाहर से कुंडी लगाकर बंद कर दिया और पड़ोसी कमरे में रखी अलमारी के ताले तोड़कर नकदी व सोने-चांदी के गहने ले गए। उसी रात गांव में ही एक अन्य कोठी से भी हजारों रुपये की नकदी चोरी की गई।
पुलिस को सौंपी शिकायत में सीवन माजरा निवासी संदीप कुमार ने बताया कि 5 अक्तूबर की रात 11 बजे वह अपने परिवार के साथ कमरे में सोए थे। अगले दिन सुबह करीब 6 बजे जब उठे और बाहर निकलने के लिए दरवाजा खोलने लगे, तो दरवाजा बाहर से बंद मिला। किसी ने बाहर से कुंडी लगा रखी थी। इस पर संदीप ने कमरे की खिड़की से पड़ोस में रहने वाली अपनी चाची आशा रानी को आवाज लगाई, जिन्होंने आकर बाहर से कुंडी खोली।
दरवाजा खुलने पर जब संदीप और उनकी पत्नी उषा रानी ने साथ वाले कमरे में जाकर देखा तो अलमारी का सारा सामान फर्श पर बिखरा था। अलमारी में रखी पत्नी की सोने की बालियां, बेटी के कोके, चांदी की चैन व पाजेब तथा 52 हजार रुपये नकदी गायब मिले। संदीप कुमार ने बताया कि गांव में ही कुलवंत सिंह की कोठी में भी उसी रात चोरों ने धावा बोला और वहां से करीब 60 हजार रुपये नकद चोरी कर फरार हो गए।
माैके का किया मुआयना
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी के सहायक उप-निरीक्षक अशोक कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। शिकायतकर्ता की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। जांच अधिकारी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।