अंबाला छावनी के पड़ाव थाने के पास उस समय हंगामा हो गया, जब सोनीपत से आ रही बस में सवार एक कांस्टेबल से कार सवार युवकों ने हाथापाई कर दी। इससे पहले पड़ाव थाने के पास इन्हीं कार सवारों ने पत्थर मारकर शीशा तोड़ डाला, जबकि ओवरब्रिज के नीचे बस चालक ने बस रोका और पुलिस को सारी घटना बताई।
जानकारी के अनुसार सोनीपत डिपो की बस अंबाला कैंट बस स्टैंड की ओर आ रही थी। इसी बस के आगे कुछ युवक कार में सवार चल रहे थे। इन कार सवारों ने बस को पड़ाव थाने के पास रोका और बस चालक व कंडक्टर से दुर्व्यवहार करना शुरू कर दिया और पत्थर मारकर बस का शीशा तोड़ दिया।
इसी बस में दो कांस्टेबल भी सवार थे, जिनमें से एक मामले की जानकारी लेने नीचे उतरा। उसने जब मामला निपटाने की कोशिश की, तो यह युवक उसी से हाथापाई करने पर उतारू हो गए।
इसी धक्का-मुक्की में उक्त कांस्टेबल ने पीछे हटना ही बेहतर समझा। यहां पर तो बात को रफा-दफा कर दिया गया, लेकिन ओवरब्रिज के नीचे आकर बस चालक ने बस को रोक लिया। बस चालक ने इसकी शिकायत पुलिस को दी है।