बुथ नंबर 134 पर जीत दर्ज करने के लिए भाजपा कार्यकर्ता को सम्मानित करते पूर्व गृहमंत्री। संवाद
अंबाला। जब भी लोगों के बीच जाएं तो विकास के दम पर ही वोट मांगे और उन्हें बताएं कि दस साल पहले अंबाला छावनी के हालात क्या थे और अब क्या हैं क्योंकि पूर्व की कांग्रेस सरकार ने अंबाला छावनी को नरक बनाकर रख दिया था और यहां के लोगों के साथ हमेशा से ही भेदभाव किया।
उक्त जानकारी हरियाणा के पूर्व गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने अंबाला छावनी के बीपीएस प्लेनेटोरियम में आयोजित कार्यकर्ता महासम्मेलन में दी।
इस मौके पर उन्होंने कुछ नाराजगी भी जाहिर की है कि लोकसभा चुनाव की भाजपा प्रत्याशी जीत नहीं पाई। वहीं, इस दौरान उन्होंने मुलाना, नारायणगढ़ और अंबाला सिटी में हुए मतदान के आंकड़ों का जिक्र किया जबकि अंबाला छावनी के कार्यकर्ताओं को अधिक वोट डलवाने के लिए बधाई दी।
इस अवसर पर उन्होंने बताया कि अंबाला छावनी में उन्होंने करोड़ों रुपये के विकास कार्य करवाए हैं। इससे अब अंबाला महानगर में बदल चुका है। आने वाले समय में विश्व पटल पर भी अंबाला की एक विशेष पहचान होगी जब 15 अगस्त को अंबाला छावनी के घरेलू एयरपोर्ट से पहली उड़ान उड़ेगी।
इस दौरान लोकसभा चुनाव में उत्कृष्ट प्रदर्शन और अधिक मतों से वार्ड स्तर पर जीत दर्ज करवाने वाले बूथ प्रधानों सहित कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। इसी प्रकार आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर भी उन्होंने कार्यकर्ताओं को पूरी निष्ठा, लग्न और ईमानदारी से काम करने के लिए प्रेरित किया और यह भी कहा कि अगर कहीं कोई विकास कार्य करवाना है तो इसकी सूची मंडल अध्यक्षों को सौंप दें। इस मौके पर सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।