अंबाला सिटी। शहर के राजकीय बहुतकनीकी संस्थान में तीन साल के डिप्लोमा इंजीनियरिंग कोर्स में बची सीट के लिए दूसरी ऑनलाइन काउंसलिंग में सोमवार 22 जुलाई से सीट विकल्प भरने शुरू होंगे। यह सीट विकल्प 24 जुलाई तक भरे जाएंगे।
25 जुलाई शाम पांच बजे सीट आवंटन का परिणाम घोषित होगा। 26 से 29 जुलाई तक सीट आवंटित होने वाले संस्थान में जाकर दाखिला ले सकेंगे। पहली ऑनलाइन काउंसलिंग में संस्थान में 345 सीटों पर दाखिला हुआ है। संस्थान में आठ कोर्स में 600 सीट हैं। अब बची सीट पर दाखिला किया जाएगा।
ये अभ्यर्थी करें ऑनलाइन काउंसलिंग
-वह सभी अभ्यर्थी जिन्होंने ऑनलाइन फॉर्म भरा था, लेकिन किसी भी कारण से पहली ऑनलाइन काउंसलिंग नहीं कर सके। ऐसे सभी अभ्यर्थियों को दूसरी ऑनलाइन काउंसलिंग करनी चाहिए।
-ऐसे सभी अभ्यर्थी जिन्होंने पहली ऑनलाइन काउंसलिंग में सीट का आवंटन हुआ था, परंतु निर्धारित तिथियों में दाखिला फीस जमा न कराने के कारण आवंटित सीट रद्द हो गई थी। ऐसे सभी अभ्यर्थियों को भी दूसरी ऑनलाइन काउंसलिंग करनी चाहिए।
-ऐसे सभी अभ्यर्थी जिन्होंने पहली ऑनलाइन काउंसलिंग में आवंटित सीट के लिए फीस भी जमा करवा दी थी और दाखिला भी ले लिया था, लेकिन वह अभ्यर्थी दाखिला ली हुई सीट से संतुष्ट नहीं है। ऐसे सभी अभ्यर्थियों को भी दूसरी ऑनलाइन काउंसलिंग करनी चाहिए और काउंसलिंग में सिर्फ उन्हीं विकल्पों को प्राथमिकता के आधार पर भरना चाहिए, जो विकल्प अभ्यर्थी को दाखिला ली हुई सीट से ज्यादा पसंद है।
ये अभ्यर्थी न करें ऑनलाइन काउंसलिंग
- जिन अभ्यर्थियों को पहली ऑनलाइन काउंसलिंग में सीट का आवंटन हो चुका है और अभ्यर्थी आवंटित सीट की फीस जमा करवा कर दाखिला भी ले चुका है और अभ्यर्थी इस दाखिला ली हुई सीट से संतुष्ट भी है, ऐसे किसी भी अभ्यर्थी को दूसरी ऑनलाइन काउंसलिंग में भाग नहीं लेना चाहिए।
-यहां सभी अभ्यर्थी जो दूसरी ऑनलाइन काउंसलिंग में भाग लेने जा रहे है, उन सभी को बताया जाता है कि अगर कोई अभ्यर्थी दूसरी ऑनलाइन काउंसलिंग में भाग लेता है और उसको दूसरी ऑनलाइन काउंसलिंग से सीट का आवंटन हो जाता है, तो उसकी पहली ऑनलाइन काउंसलिंग में मिली हुई सीट स्वतः ही रद्द हो जाएगी, चाहे अभ्यर्थी ने उस सीट की फीस भी जमा करवा रखी हो और उस सीट पर दाखिला भी ले रखा हो।
प्राथमिकता और पसंद के आधार पर भरें विकल्प
सभी आवेदकों को दूसरी ऑनलाइन काउंसलिंग में दाखिला सुनिश्चित करने के लिए चाहिए कि वह अपनी प्राथमिकता व पसंद के आधार पर ज्यादा से ज्यादा विकल्प का चयन करें व भरें। जो विकल्प सबसे ज्यादा पसंद है, उसको सबसे पहले नंबर पर भरें, इसके बाद यह सोचते हुए की आवेदक ने जिस विकल्प का चयन पहले नंबर पर किया है, वह विकल्प अगर उसको नहीं मिलता तो उसका दूसरा विकल्प क्या होना चाहिए, उसको आवेदक की ओर से दूसरे नंबर पर भरना चाहिए।
22 जुलाई से भर सकेंगे सीट विकल्प
संस्थान के दाखिला नोडल अधिकारी धर्मवीर सैनी ने बताया कि दूसरी ऑनलाइन काउंसलिंग में विकल्प भरने का कार्य 22 जुलाई सुबह 10 बजे से 24 जुलाई रात 11:59 बजे तक रहेगा। विकल्प भरने के बाद, विकल्पों को लॉक जरूर करें। दूसरी ऑनलाइन काउंसलिंग के बाद 25 जुलाई शाम 5 बजे सीट आवंटन का परिणाम घोषित किया जाएगा। जिसको आवेदक वेबसाइट https://techadmissionshry.gov.in/default पर देख सकते है व अपना प्रोविजनल सीट आवंटन का लेटर प्रिंट कर सकते है। आवेदक को आवंटित सीट पर दाखिला लेने के लिए 26 जुलाई सुबह 10 बजे से 29 जुलाई शाम 4 बजे तक उस संस्थान में जाए, जहां पर उसको सीट का आवंटन हुआ है। आवेदक अपने साथ दो फोटो, दाखिला फीस व वह सभी दस्तावेज अपने साथ लेकर जाए, जो उसके प्रोविजनल सीट आवंटन पत्र में लिखे हुए है। जो आवेदक 26 जुलाई सुबह 10 बजे से 29 जुलाई शाम 4 बजे तक आवंटित सीट के लिए उस संस्थान में रिपोर्ट नहीं करता जहां पर उसको सीट मिली है तो ऐसी स्थिति में आवंटित सीट स्वतः ही रद्द हो जाएगी।
वर्जन
संस्थान में पहली ऑनलाइन काउंसलिंग में 600 सीट में से 345 सीट भर चुकी हैं। अब बची सीट पर दाखिला के लिए सोमवार 22 जुलाई से दूसरी ऑनलाइन काउंसलिंग शुरू होगी। 22 से 24 जुलाई तक अभ्यर्थी ऑनलाइन सीट विकल्प भर सकेंगे। 25 जुलाई शाम 5 बजे सीट आवंटन का परिणाम घोषित किया जाएगा।
डॉ. राजीव सपरा, प्राचार्य, राजकीय बहुतकनीकी संस्थान, अंबाला शहर।
शहर के राजकीय बहुतकनीकी संस्थान के प्राचार्य डॉ. राजीव सपरा।