अंबाला। प्रेम प्रसंग के चलते मुलाना के सांबापुर निवासी मान सिंह की हत्या मामले में अभी तक मुख्य आरोपी यानी प्रेमिका रानी फरार चल रही है। शहजादपुर थाने की टीमें महिला के ठिकानों यानी बागवाली सहित महिला के गांव में भी दबिश दे चुकी है लेकिन वह नहीं मिली।
गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दबिश जारी है। वहीं, हत्या के मामले में काबू दूसरे आरोपी हंगोली निवासी ज्ञान चंद को दो दिन के रिमांड के दौरान बरामदगी कर रही है। हालांकि पुलिस ने हत्या में प्रयोग किए गए कपड़े आदि को बपौली के पास झाड़ियों से बरामद कर लिया है। शहजादपुर थाना प्रभारी विरेंद्र वालिया ने बताया कि महिला की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
मोबाइल फोन से खुली थी ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी : मृतक मान सिंह के छोटे भाई गुरचरण ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि 26 नवंबर को मान सिंह बाइक पर निजी काम के चलते गया था। फोन करने पर मान सिंह ने पत्नी को कहा था कि वह सुबह आएगा। बाद में फोन बंद हो गया था। 27 नवंबर को सुबह गांव के सरपंच से सूचना मिली थी कि बपौली गांव में मान सिंह का शव मिला है।
वह मौके पर पहुंचे तो देखा कि शव की गर्दन पर निशान थे। पास ही मफलर और बाइक खड़ी थी। फोन व पैरों में जूते गायब थे। जेब में नकदी थी। इस मामले में पुलिस ने मोबाइल फोन की कॉल डिटेल खंगाली तो हत्या की गुत्थी सुलझती चली गई।