छत पर बैठकर परीक्षा की तैयारी कर रही एक छात्रा पर बंदरों के झुंड ने हमला कर दिया। बचने के लिए हड़बड़ाहट मेें यह छात्रा छत से गिरकर बुरी तरह से जख्मी हो गई। छात्रा को अस्पताल में दाखिल कराया गया। उल्लेखनीय है कि बंदरों के आतंक के चलते स्थानीय लोग काफी सहमे हुए हैं और ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं, जहां लोग बुरी तरह से जख्मी हुए हैं।
जानकारी के अनुसार मुलाना की रहने वाली 18 वर्षीय पूनम के ग्यारहवीं कक्षा के पेपर चल रहे हैं। पेपर की तैयारी करने के लिए पूनम छत पर किताब लेकर पढ़ रही थी। इसी दौरान अचानक ही बंदरों के एक झुंड ने पूनम पर हमला बोल दिया। बंदरों से बचने के लिए भागी पूनम छत से नीचे जा गिरी। गिरने के बाद पूनम दर्द से चीखने लगी, वह अपने पांवों से चल नहीं पा रही थी। इसी दौरान पहुंचे परिजन उसे तुरंत ही एमएम मुलाना अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां पर डॉक्टरों ने छात्रा का चेकअप किया और बताया कि उसकी दोनों एड़ियों में फ्रैक्चर है। फिलहाल पूनम को उपचार के लिए दाखिल किया गया है, जबकि शनिवार को उसकी परीक्षा भी है। ऐसे में परिजन परेशान हैं कि छात्रा परीक्षा कैसे दे पाएगी। मुलानावासी श्रीपाल जैन, राहुल, राजीव गुप्ता व पवन का कहना हैं कि बंदरों के कारण मुलाना में कई हादसे हो चुके हैं अब तो हर हफ्ते कोई न कोई हादसा सुनने को मिल जाता हैं। लेकिन बावजूद इसके बंदरों से निजात दिलाने का जिम्मा कोई लेने को तैयार नहीं हैं। उन्होंने इन बंदरों पर काबू पाने की मांग की है।