अंबाला शहर में करीब डेढ़ करोड़ की लागत से बने दो नए फीडरों का उद्घाटन हरियाणा के परिवहन राज्य मंत्री असीम गोयल ने फीडरों का स्विच ऑन करके किया। अब शहर के क्षेत्र में आंधी-तूफान या बाढ़ जैसे हालातों में बिजली बाधित नहीं होगी और लोगों को सुचारू रूप से बिजली मिल सकेगी।
पिछले वर्ष बाढ़ के दौरान और बाढ़ के बाद शहर के बड़े हिस्से में बिजली सप्लाई दुरुस्त करने में बिजली विभाग को अच्छी खासी मेहनत करनी पड़ी थी। ऐसे में मानसून के सीजन में इस साल बाढ़ या फिर आंधी तूफान की वजह से अंबाला शहर में बिजली आपूर्ति बाधित न हो, इसके लिए बिजली निगम ने कारगर विकल्प ढूंढ लिए हैं।
दरअसल, शहर के बड़े हिस्से में बिजली की सप्लाई पुराने फीडरों से की जा रही थी। जो बाढ़ या फिर आंधी तूफान में खराब हो जाती थी। इसी समस्या के समाधान के लिए विभाग ने करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से दो नए फीडर तैयार किए हैं।
परिवहन राज्य मंत्री असीम गोयल ने कहा कि अंबाला शहर विधानसभा में 5 सब स्टेशन भी सरकार ने मंजूर किए हैं। जिसमें एक 66 केवी व चार 33 केवी शामिल है। जो अंबाला शहर विधानसभा के सुल्लर, अद्दोमाजरा, उदयपुर, घास मंडी और मंडौर के नजदीक स्थापित किए जाएंगे। इनके लिए जगह की तलाश शुरू कर दी गई है। जिसके बाद शहर से बिजली संबंधी समस्याएं खत्म होंगी। उन्होंने बताया कि पीएम सूर्य घर योजना के तहत प्रदेश में 1 लाख घरों को सोलर कनेक्शन दिए जाएंगे। जिससे आमजन को बेहद लाभ होगा।
इस दौरान पूर्व की सरकार पर कटाक्ष करते हुए परिवहन राज्य मंत्री असीम गोयल ने कहा कि पहले की सरकारों ने कभी व्यवस्थाओं को सुधारने का काम नहीं किया। चाहे कांग्रेस की सरकार रही या इनेलो की दोनों ने आरोप प्रत्यारोप की राजनीति की और व्यवस्थाओं को बिगाड़ा, लेकिन भाजपा ने प्रदेश में व्यवस्थाओं को सुधारा और हर कोने-कोने में विकास किया और विकास के नए आयाम स्थापित किए।
पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला के एक बयान पर असीम गोयल ने दुष्यंत चौटाला को नसीहत दी। उन्होंने कहा कि दुष्यंत चौटाला की खुशफहमी विधानसभा चुनावों में निकल जाएगी। भाजपा छोटे से छोटे मेहनती कार्यकर्ता को कहां से कहां बैठा देती है। इसका बड़ा उदाहरण मुख्यमंत्री नायब सैनी और पूर्व सीएम मनोहर लाल हैं। दुष्यंत को राजनीति विरासत में मिली है, इसलिए आसान लगती है।