अंबाला। गवर्नमेंट पीजी कॉलेज छावनी में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। अब वह यहां पढ़ाई करने के साथ-साथ हेल्थ भी बना सकेंगे। कॉलेज में इंडोर के साथ-साथ ओपन जिम तैयार हो चुकी है। इंडोर जिम में वेटलिफ्टिंग, साइकिलिंग आदि की मशीनें लगाई गई हैं। वहां, ओपन जिम कॉलेज परिसर स्थित कैंटीन के पास लगे फव्वारे वाले मैदान में तैयार किया गया है।
हालांकि, कॉलेज प्रबंधन की तरफ से धूप व बरसात के बचाव के लिए इसे कवर हेतु अनुमति व बजट जारी करवाने का प्रयास किया जा रहा है। करीब आठ लाख रुपये की लागत से ओपन जिम का सामान कॉलेज को मिला है। दरअसल, जिम खोलने के लिए प्रदेशभर के 175 कॉलेज में से चार कॉलेजों का चयन किया गया है। इन कॉलेज में छावनी का गवर्नमेंट पीजी कॉलेज शॉर्ट लिस्ट हुआ था। उसके चलते ही कॉलेज में जिम तैयार की गई है। जल्द ही कॉलेज में इसे विद्यार्थियों के लिए शुरू कर दिया जाएगा। उधर, कॉलेज में दाखिले के लिए आने वाले छात्रों में इस ओपन जिम को लेकर खासा उत्साह है और इसका इस्तेमाल करते हुए दिखाई देते हैं। संवाद
शाम चार बजे तक खुली रहेगी जिम, होगी निशुल्क
युवाओं में अपनी हेल्थ को लेकर जिम करने का क्रेज सबसे ज्यादा रहता है। फीस चुकाने के बाद युवा प्राइवेट जिम में जाते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए कॉलेज में जिम बनाने का निर्णय लिया गया है। जिले में यह पहला कॉलेज होगा जहां विद्यार्थियों के लिए इस तरह की सुविधा होगी। यह छात्रों के लिए बिल्कुल निशुल्क होगी। कॉलेज खुलने से लेकर शाम चार बजे तक विद्यार्थी जिम का लाभ उठा सकेंगे।
कॉलेज बन गया ग्रीन कैंपस
छात्रों की सहूलियत के लिए कॉलेज में खासे बदलाव किए जा रहे हैं। कॉलेज में जगह-जगह पौधे लगाकर पूरी तरह से ग्रीन कैंपस बना दिया गया है। प्राचार्य अरूण जोशी के मुताबिक ग्रीन कैंपस बनने के बाद ग्रीन, एनर्जी व इनवायरमेंट आडिट करवा दिया गया है। भारत सरकार की एजेंसी द्वारा यह आडिट किया गया था। इसके अलावा कॉन्फ्रेस व सेमिनार हाल को नया रूप दिया गया है।
प्रदेशभर के 175 कॉलेजों में छावनी गवर्नमेंट पीजी कॉलेज शार्ट लिस्ट हुआ था। कॉलेज में ओपन व इंडोर दो जिम तैयार की गई हैं। दाखिल प्रक्रिया के बाद छात्र इसका लाभ उठा सकेंगे। करीब आठ लाख रुपये की लागत से ओपन जिम तैयार हुआ है।
-अरूण जोशी, प्राचार्य, गवर्नमेंट पीजी कॉलेज छावनी