अंबाला सिटी। सावन आने से पहले ही अंबाला के हलवाई बाजार में घेवर बनना शुरू हो गया है। इस वर्ष एक सप्ताह पहले ही हलवाई बाजार की मशहूर नथूराम की दुकान पर घेवर बनने शुरू हो गए हैं।
अभी से अंबाला के साथ लगते पंजाब और अन्य शहरों से लोग घेवर लेने के लिए पहुंच रहे हैं। यहां ऐसा माना जाता है कि यहां घेवर बनने के साथ ही त्याहारों का माैसम शुरू हो जाता है।
बीते वर्ष से अधिक हुए दाम
पसंद का घेवर अब बीते वर्ष से महंगा हो गया है।मगर इस बार घेवर के दामों में 20 रुपये की तेजी देखने को मिली है। बीते वर्ष घेवर 340 रुपये प्रति किलोग्राम था वह अब 360 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया है।
घेवर के लिए लगती है लंबी कतारें
हलवाई बाजार में स्थित इस दुकान पर सावन के समय लोग घंटों तक लंबी कतारें लगाकर खड़े रहते हैं। इसके बाद उन्हें घेवर मिलता है। दुकान संचालक राजकुमार सैनी ने बताया कि 50 वर्ष से अधिक समय से हलवाई बाजार में अपनी दुकान चला रहे हैं। उन्होंने बताया कि वैसे तो जून माह में दूसरे सप्ताह के बाद ही घेवर बनाने का कार्य शुरू होता था। मगर ग्राहकों की मांग को देखते हुए एक सप्ताह पहले ही घेवर बनाने का काम शुरू कर दिया। दूर दराज के क्षेत्रों से भी लोग घेवर लेने के लिए आने शुरू हो गए हैं।
रायपुररानी से पहुंचे अंबाला
रायपुररानी निवासी साहिल ने बताया कि वे अंबाला में नौकरी करते हैं। इसलिए जब उन्हें पता चला कि घेवर बनना शुरू हो गया है तो वे भी घेवर लेने पहुंचे। हर वर्ष उनके परिजन अंबाला के घेवर की मांग करते हैं। इतना ही नहीं वे दिल्ली तक अपने रिश्तेदारों को घेवर भेजते हैं।
पंजाब से पहुंचे हलवाई बाजार
अमित कुमार ने बताया कि वे अंबाला के निकटवर्ती पंजाब बाॅर्डर पर ही रहते हैं। वे किसी काम से अंबाला शहर आए थे। उन्हें पता चला कि हलवाई बाजार में घेवर बनने शुरू हो गए हैं तो वे खुद को राेक नहीं पाए। इतना ही नहीं उनके अन्य रिश्तेदारों और पड़ोसियों ने भी घेवर मंगाया है।