अंबाला। डिफेंस कॉलोनी सेक्टर-सी से पकड़ी अवैध दवा की फैक्टरी संचालक के जिम के नीचे गोदाम में सोमवार को गाजियाबाद से आई सेंटर गवर्नमेंट की टीम ने दबिश दी। पंजोखरा पुलिस संग मिलकर टीम में शामिल स्वाति और दो अन्य अधिकारियों ने गोदाम की सील खुलवाने के बाद करीब तीन घंटे तक खंगाला।
गोदाम में भारी मात्रा में फूड सप्लीमेंट मिले और टीम ने उन सभी के सैंपल लेकर लैब में जांच के लिए भेजे। हालांकि रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी कि फूड सप्लीमेंट डुप्लीकेट है या फिर असली कंपनियों के। उधर, आठ दिन का रिमांड खत्म होने के बाद पुलिस ने अवैध दवा फैक्टरी के संचालक अवनीत सिंह को दोबारा कोर्ट में पेश किया और दो ओर दिन का रिमांड हासिल किया। जबकि दो दिन पहले सोनीपत निवासी मनीष को दो दिन के रिमांड पर लेने के बाद उससे बरामदगी कर जेल भेज दिया। बता दें कि अवैध दवा संचालक सहित पुलिस ने अभी तक कुल तीन दिल्ली से कच्चा माल पहुंचाने वाले और सोनीपत से प्रिंटिंग करने वाले को काबू किया है।
डाई तैयार करने वाले तक पहुंचेंगे पुलिस
अवनीत सिंह का दो दिन का ओर रिमांड लेने के बाद पुलिस फैक्टरी में मिली मशीन की डाई उपलब्ध करवाने वाले तक पहुंचेंगी। संबंधित आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम अवनीत संग छापामारी करेगी। इसके अलावा इस मामले में एक ओर व्यक्ति की भी संलिप्तता बताई जा रही है लेकिन पुलिस ने उसकी पुष्टि नहीं है। रिमांड के दौरान उस तक भी पहुंचने का प्रयास किया जाएगा। वहीं अवनीत से रिमांड के दौरान यह भी सामने आया है कि जिस बिल्डिंग में अवैध दवा फैक्टरी चला रहा था, वो जगह फरवरी 2023 में ही करीब 30 लाख रुपये की लागत से खरीदी थी। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि अवनीत कितने सालों से अवैध दवा बनाने का काम कर रहा है।
वर्जन
गाजियाबाद से आई टीम ने कई घंटे तक जिम के नीचे गोदाम की सील खुलवाकर जांच की है और फूड सप्लीमेंट के सैंपल भी लिए है। अभी यह नहीं कह जा सकता कि वो नकली है या असली। टीम की तरफ से फाइनल रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
इंस्पेक्टर विक्रांत, थाना प्रभारी पंजोखरा