अंबाला। कालका रेलवे स्टेशन पर तैनात मुख्य पार्सल सुपरवाइजर (सीपीएस) आरएस मीणा का तबादला मोहाली कर दिया। सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर तैनात मुख्य टिकट निरीक्षक (सीटीआई) राजिंदर सिंह को भी बठिंडा भेज दिया है। यह कार्रवाई रेलवे को मिली शिकायत के आधार पर की गई जोकि दो माह की जांच के बाद सही मिली।
ऐसे गिरी गाज
कालका रेलवे स्टेशन पर तैनात सीपीएस आरएस मीणा का कुछ समय पहले आरपीएफ के एक कर्मचारी के सा वाद-विवाद हो गया था। यह विवाद एक बाहरी व्यक्ति के दखलअंदाजी की वजह से हुआ था जोकि पार्सल कार्यालय में अनधिकृत तरीके से काम कर रहा था। इसे लेकर सीपीएस व आरपीएफ के सहायक उप निरीक्षक को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया गया था। हालांकि कुछ दिनों बाद दोनों को बहाल करके जांच आरंभ कर दी गई थी।
ट्रेन में किया था दुर्व्यहवार
सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर तैनात सीटीआई ने ट्रेन में चेकिंग के दौरान किसी यात्री के साथ दुर्व्यवहार किया था। इस संबंध में सोशल मीडिया पर भी यात्रियों ने शिकायत दर्ज करवाई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए अंबाला मंडल ने इस मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की थी। कमेटी ने जब जांच की तो इसमें सीटीआई राजिंदर सिंह की गलती पाई गई।
वर्जन
कालका स्टेशन पर तैनात सीपीएस के संबंध में शिकायत मिली थी। वहीं सहारनपुर स्टेशन पर तैनात सीटीआई की भी शिकायत मिली थी। जब दोनों मामलों की जांच की गई तो शिकायत सही पाई गई। इसलिए अब दोनों कर्मचारियों का स्थानांतरण किया गया है ताकि व्यवस्थाएं दुरुस्त रहें।
नवीन कुमार, वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक, अंबाला मंडल।