संवाद न्यूज एजेंसी
मुलाना। मुलाना-अंबाला हाईवे पर अनाज मंडी के पास मंगलवार शाम तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल सवार डुलियानी गांव निवासी रवि कुमार (36 को चपेट में ले लिया। इस हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक सीएचसी मुलाना में कौशल रोजगार निगम के तहत माली के पद पर तैनात था।
शिकायतकर्ता अमरदीप प्रकाश ने पुलिस को बताया कि वह और उसका चचेरा भाई रवि कुमार अपनी-अपनी बाइक पर काम खत्म कर घर लौट रहे थे। रवि अपनी प्लेटिना बाइक पर आगे चल रहा था। जैसे ही वे अनाज मंडी हाईवे के पास पहुंचे पीछे से आ रही एक अनियंत्रित कार ने रवि की बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रवि सड़क पर गिर पड़ा और उसके सिर व कान पर गंभीर चोटें आईं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार चालक हादसे के बाद कुछ पल के लिए रुका, लेकिन फिर मौका पाकर गाड़ी सहित भाग गया। अमरदीप ने कार का नंबर नोट कर लिया और राहगीरों की मदद से घायल रवि को तुरंत एमएम अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी मौत हो गई।