अंबाला। सुभाष चौक के पास नशा तस्करी के मामले में पकड़े गए टांगरी बांध निवासी को छह दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस पीआरओ ने बताया कि आरोपी के कब्जे से पुलिस ने मंगलवार रात को तीन किलो 800 ग्राम गांजा बरामद किया था। रिमांड के दौरान आरोपी से गहनता से पूछताछ की जाएगी।
हेरोइन तस्करी के मामले में दूसरा आरोपी काबू
अंबाला। नशा तस्करी के मामले में एएनसी के पुलिस दल ने कार्रवाई करते हुए दूसरे आरोपी डेहा कॉलोनी निवासी सिकंदर को गिरफ्तार किया। पुलिस पीआरओ ने बताया कि आरोपी को न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत भेजा दिया है। तीन अगस्त को एएनसी सेल ने पावर हाउस बब्याल के पास नाकाबंदी करके आनंद नगर बोह निवासी गुरदीप सिंह को 19 ग्राम हेरोइन सहित काबू किया था। आरोपी ने बताया कि इस मामले में उसका सिकंदर भी सहयोगी है।
चोरी का आरोपी गिरफ्तार, जेवरात बरामद
साहा। चोरी के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बीहटा गांव निवासी कर्म सिंह उर्फ कर्मा को गिरफ्तार किया। पुलिस पीआरओ ने बताया कि न्यायालय के आदेशानुसार आरोपी का एक दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया था। रिमांड के दौरान आरोपी से गहनता से पूछताछ कर चोरीशुदा जेवरात बरामद किए गए हैं। आरोपी को बुधवार न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस मामले के संबंध में पिंजौरा गांव निवासी सौरभ कुमार ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि 28 अगस्त को साहा स्थित उसके घर से अज्ञात आरोपी ने सोना-चांदी के जेवरात व नकद राशि चोरी की है।
जान से मारने की धमकी देने वाले तीन आरोपी काबू
अंबाला। जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राजन कॉलोनी निवासी हरदीप सिंह, सोनिया कॉलोनी निवासी परमवीर व गगनप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया। पुलिस पीआरओ ने बताया कि तीनों आरोपियों को न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस मामले के संबंध में महावीर नगर निवासी निखिल ने थाना महेशनगर में शिकायत दर्ज करवाई थी कि 22 सितंबर को महेशनगर नगर चौक में हरदीप सिंह, परमवीर व गगनप्रीत सिंह ने उससे मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।