बलदेव नगर पुलिस ने लाखों रुपये की धोखाधड़ी के दो मामलों में मामला दर्ज कर लिया है। इनमें एक मामले में शिकायतकर्ता ने हांगकांग भेजने के नाम पर धोखाधड़ी पर करीब पंद्रह लाख की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। वहीं, दूसरे मामले भी करीब पंद्रह लाख की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है।
पहले मामले में शिकायतकर्ता जसप्रीत सिंह ने पुलिस को शिकायत दी है। शिकायत में जसप्रीत का आरोप है कि मॉडल टाउन के एक आरोपी ने 2013 में हांगकांग भेजने के नाम पर पंद्रह लाख रुपये लिए थे। लाखों रुपये देने के बाद भी आरोपी ने विदेश नहीं भेजा। कई बार आरोपी को विदेश भेजने के लिए बातचीत की, लेकिन न तो आरोपी ने रुपये लौटाए और न ही विदेश भेजा। शिकायतकर्ता ने कोर्ट में याचिका दायर की थी। पुलिस थाना एसएचओ बलदेव नगर दिनेश चौहान ने बताया कि पुलिस ने कोर्ट के आदेश के बाद जसप्रीत सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
उधर, दूसरे मामले में सेक्टर आठ के सुदेश ने दो व्यक्तियों पर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। करीब 15 लाख रुपये के धोखाधड़ी मामले में बलदेव नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस थाना बलदेव नगर एसएचओ दिनेश चौहान ने बताया कि मामला 2015 का है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपियों से उसने प्लॉट लिया था। प्लॉट का बयाना देने के लिए 15 लाख रुपये दिए थे, लेकिन आरोपियों ने प्लॉट की रजिस्ट्री उसके नाम न करवाकर किसी और के नाम करवा दी। आरोपियों ने उनके 15 लाख रुपये भी नहीं लौटाए। शिकायतकर्ता ने धोखाधड़ी के बाद पुलिस को शिकायत दी थी। बलदेव नगर पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर लिया है।