अंबाला। विदेश भेजने के नाम पर मिल्क गांव निवासी कृष्ण पाल से धोखाधड़ी करने वाले मोहाली के सेक्टर-48 सी निवासी राकेश रिखी को पुलिस ने काबू कर लिया। वीरवार कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इस मामले में श्री कृष्ण पाल ने नारायणगढ़ थाना पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि 9 नवंबर 2023 से 26 मार्च 2024 के दौरान आरोपी राकेश रिखी व अन्य ने उसके पुत्र को विदेश भेजने के मामले में धोखाधड़ी की थी। संवाद
नशे के साथ पकड़ा गया युवक रिमांड पर
अंबाला। कैंट के बीडी फ्लोर मिल के निकट 32 ग्राम 50 मिलिग्राम हेरोइन सहित काबू आरोपी डेहा कॉलोनी निवासी सूरज उर्फ रघु को सीआईए-2 की टीम ने वीरवार कोर्ट में पेश किया। मुख्य नशा तस्कर का पता लगाने के लिए टीम ने आरोपी को वीरवार कोर्ट में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया। संवाद
अधोई पुल से 40 प्लेट, 25 गार्डर मशीन चोरी करने वाले जेल भेजे
अंबाला। अधोई पुल से 40 प्लेट, 25 गार्डर मशीन चोरी होने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों का काबू कर लिया। आरोपी की पहचान शाहाबाद जागीर विहार निवासी बीरू व अंकित के रूप में हुई। वीरवार कोर्ट में पेश कर आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस इस मामले में अभी तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। यह कार्रवाई हिसार के मिरकां गांव निवासी पंकज कुमार की तहरीर पर हुई है। आरोप था कि 6 दिसंबर की रात को अज्ञात ने पुल से 40 प्लेट, 25 गार्डर, 2 वेल्डिंग मशीन व अन्य सामान चोरी कर लिया था। संवाद
नशा तस्कर दूसरा आरोपी जेल भेजा
अंबाला। महेशनगर में दर्ज 12 ग्राम 73 मिलिग्राम हेरोइन तस्करी के मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपी को भी काबू कर लिया। आरोपी की पहचान कच्चा बाजार निवासी वारिश के रूप में हुई है। वीरवार कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस ने पहले आरोपी को 15 नवंबर को काबू किया था। संवाद