अंबाला सिटी। ऑनलाइन नौकरी का ऑफर देकर ट्रेडिंग कराने के मामले में शहर के बलविंद्र सिंह के साथ पांच लाख 34 हजार रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। इस मामले में पीड़ित ने एसपी को शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई। शिकायत की जांच के बाद थाना साइबर क्राइम अंबाला पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस को दी शिकायत में शहर के सेक्टर 9 निवासी बलविंद्र सिंह ने बताया कि उसके पास ऑनलाइन नौकरी के लिए ऑफर आया। इसके बाद उसे टेलीग्राम आइडी से संपर्क करने के लिए कहा गया। यह लिंक उसके पास एक महिला ने भेजा। महिला ने बताया कि रेस्टोरेंट और कैफे को 5 स्टार रैंकिंग और रिव्यू देने के लिए 5 रिव्यू के 125 रुपये कंपनी देती है।
उसके बाद महिला ने पीड़ित को कहा कि इसमें ट्रेडिंग टास्क करने पड़ते हैं, जिसके बदले उसे 30 प्रतिशत मुनाफे के साथ पीड़ित को रुपये वापिस किया जाएगा। इस स्कीम में पीड़ित फंस गया और काम शुरु कर दिया। पहले तो भरोसा जीतने के लिए 30 प्रतिशत मुनाफ दिया। फिर 22 सितंबर को आरोपी महिला ने 3000 रुपये टास्क के लिए जमा करवा के टेलीग्राम आइडी पर लिंक भेजा। इसके बाद महिला फंसाती रही और ऐसे 5.34 लाख रुपये ट्रेडिंग में लगवा दिए। अब वह रुपये वापस नहीं कर रहे हैं। आरोपी अब और रुपये लगाने के लिए कह रहे हैं। ऐसे में पीड़ित ने पुलिस को शिकायत देकर मामला दर्ज करा दिया है।