अंबाला। रेलवे के ह्यूमन रिसोर्स पोर्टल एचएमआरएस पर ही सेंध लगनी शुरू हो गई है, इसका उपयोग ठग धोखाधड़ी करने के लिए इस्तेमाल करने लगे हैं। इस पोर्टल के तहत कार्यरत व सेवानिवृत कर्मचारियों को मुख्यालय कर्मचारी बोलकर ओटीपी लिया जा रहा है और इससे उनके खाते खाले किए जा रहे हैं।
लगातार मिल रही शिकायतों के बाद उत्तर मध्य रेलवे ने अपने समस्त कर्मचारियों के लिए एडवाइजरी जारी की है ताकि वो ऐसे ठगों से सावधान रहें और किसी भी अंजान व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी साझा न करें।
अंबाला में बरती जा रही सतर्कता : रेलवे के पास भी ऐसी शिकायतें लगातार पहुंच रही हैं, इसलिए सभी जोन महाप्रबंधकों सहित मंडल रेल प्रबंधकों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वो अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को सचेत करें ताकि उनके साथ किसी प्रकार की ठगी या धोखाधड़ी न हो सके। अंबाला मंडल ने अपने रेलवे कर्मचारियों को पूरी तरह से सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं कि वो एचआरएमएस पोर्टल पर जो भी काम करते हैं, वह गोपनीय रखें, विशेषकर पोर्टल की आईडी और पासवर्ड को किसी के साथ भी साझा न करें।