अंबाला। विश्वास ग्रुप के जरिए विदेश भेजने के सपने दिखकर लोगों से करोड़ों रुपये हड़पने वाला संचालक पुरुषोत्तम भट्ठी छह माह बाद भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
बलदेव नगर थाने में ही करीब 30 धोखाधड़ी के मामले आरोपी पुरुषोत्तम भट्ठी और रचनीत कौर जग्गी पर दर्ज है लेकिन अभी तक पुलिस रचनीत कौर को ही काबू कर पाई है जबकि पुरुषोत्तम भट्ठी फरार है। पुलिस की तरफ से लुक आउट सकुर्लर भी जारी किया जा चुका है। पुलिस कई मामलों में रचनीत कौर को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ और कुछ रिकवरी कर चुकी है। ऐसे में पुरुषोत्तम की गिरफ्तारी पुलिस के लिए सिरदर्द बनती जा रही है।
कार्यालय बंद होने पर सामने आए मामले
पुरुषोत्तम भट्ठी व रचनीत कौर जग्गी पर दर्जनों मामले दर्ज हैं। पुलिस के पास अभी कई शिकायतें और भी हैं। हालांकि उनकी अभी जांच चल रही है। पूरी पड़ताल के बाद ही पुलिस मामला दर्ज करने की कार्रवाई करेगी।
यह मामले विश्वास ग्रुप का सिटी स्थित कार्यालय बंद होने के बाद सामने आए थे। लोग लाखों की जमापूंजी गंवाने के बाद कार्यालय पहुंचते हैं तो वो बंद मिलता है। बाद में पता चलता है कि वो तो धोखाधड़ी कर फरार हो गए हैं।
पुरुषोत्तम भट्ठी पर गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। लुक आउट सकुर्लर भी जारी किया जा चुका है। समय-समय पर रचनीत कौर जग्गी को प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ और कुछ रिकवरी की गई है। प्रयास जारी है।
इंस्पेक्टर सुनील दत्त, प्रभारी बलदेव नगर थाना