बराड़ा। छावनी के बाद अब बराड़ा में मिलावटी कुट्टू के आटे का सेवन करने से लोग बीमार होने लगे हैं। बुधवार को कुट्टू के आटे की रोटी और पकौड़ी खाकर चार लोग बीमार पड़ गए। हालत बिगड़ने पर उन्हें सीएचसी बराड़ा में भर्ती कराया गया है। मरीज रजनी, मनिक निवासी गुरुदेव मोहल्ला, प्यारे लाल व रानी देवी निवासी वार्ड नंबर 13 ने बताया कि कुट्टू के आटे के व्यंजन खाने के कुछ समय बाद ही उनकी तबीयत खराब होने लगी। उन्हें उल्टी, पेट में दर्द और दिल घबराने की शिकायत होने लगी।
फिलहाल मरीजों की हालत स्थिर बताई जा रही है। बराड़ा सीएचसी एसएमओ प्रतीक शर्मा ने क्षेत्रीय दुकानदारों को कुट्टू का आटा न बेचने के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। कुट्टू का आटा पुराना होने पर उसमें फंगस आ जाती है, जिसे खाने पर लोग बीमार हो जाते हैं। लोगों को कुट्टू के आटे का सेवन न करने की भी अपील की।