कैथल। जिले के अलग-अलग स्थानों पर सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने वाहन चालकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
गांव नैना निवासी गौरव ने सिविल लाइन पुलिस को दी शिकायत में बताया कि एक कार चालक ने 20 फरवरी को उसकी बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में वह खुद और उसकी माता खजानो देवी (40) घायल हो गए। इलाज के दौरान उसकी माता खजानो देवी की मौत हो गई।
दूसरे मामले में पूंडरी पुलिस को दी शिकायत में गांव धौंस निवासी लाभ सिंह ने बताया कि किसी वाहन चालक ने 19 फरवरी की रात्रि 9 बजे उसके बेटे राजेश (18) को टक्कर मार दी। इस हादसे में राजेश की मौत हो गई। वहीं तीसरी घटना में गांव सिरसल निवासी बलवान सिंह ने पुलिस को शिकायत दी है कि गांव खनौदा के निकट 20 फरवरी को सायं करीब 5 बजे अज्ञात वाहन चालक ने उसके दोस्त दलबीर (32) को टक्कर मार दी। इस हादसे में दलबीर की मौत हो गई। वहीं चौथी घटना गांव टीक के निकट की है। गांव अरनेचा निवासी सत्यवान ने सदर पुलिस को शिकायत दी वीरवार देर सांय अज्ञात वाहन चालक ने रेलवे फाटक के निकट बलविंद्र सिंह को टक्कर मार दी। इस हादसे में बलविंद्र सिंह की मौत हो गई।