अंबाला। सिटी कोर्ट परिसर के बाहर एक मार्च को अमन सोनकर पर गोलियां चलाने के मामले में सीआईए-1 की टीम ने मुख्य आरोपी अमन बोंड सहित चार को काबू कर लिया।
मंगलवार कोर्ट में पेश करने के बाद अंबाला कैंट निवासी अमन बोंड और कार्तिक को पुलिस ने पांच दिन के रिमांड पर लिया है। जबकि दो आरोपी आदित्य उर्फ सौरभ और अमित उर्फ नेपाली को पहले ही काबू कर लिया था। रिमांड के दौरान आरोपियों से वारदात में शामिल पिस्तौल बरामद की जाएगी।
साथ ही हथियार उपलब्ध करवाने वाले तक भी पहुंचा जाएगा। दरअसल, अंबाला शहर थाना पुलिस ने दीना की मंडी निवासी अमन कुमार की शिकायत पर 1 मार्च को आरोपी आदित्य उर्फ सौरभ, अमित उर्फ नेपाली व अन्य पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने का मामला दर्ज किया था।
आरोपियों से गाड़ी भी बरामद
सीआईए-1 की टीम ने आरोपियों से प्राथमिक पूछताछ में वारदात में शामिल कार भी बरामद कर ली है। दरअसल, सिटी स्थित कोर्ट में शिकायतकर्ता अमन सोनकर 1 मार्च को पेशी पर आया था। सुबह करीब 11 बजे कार सवार बदमाशों ने कोर्ट परिसर के बाहर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी थी। पुलिस को मौके से दो गोलियों के खाली खोल व एक मिस फायर गोली भी बरामद की थी। बताया जाता है कि पकड़े गए आरोपी अमन बोंड पर पहले भी मारपीट व जानलेवा हमला करने के कई मामले दर्ज है। बताया जाता है कि अमन सोनकर व अमन बोंड में लंबे समय से आपसी रंजिश चली आ रही है। दोनों पर एक-दूसरे से मारपीट करने के भी मामले दर्ज है।