अंबाला। सीआईए टू की टीम ने कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को चार आरोपियों को काबू कर एक किलो हेरोइन बरामद की है। आरोपियों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। हेरोइन की कीमत करीब पांच करोड़ रुपये बताई जा रही है। एसपी जश्नदीप रंधावा ने अपने कार्यालय में प्रेसवार्ता कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सीआईए टीम अंबाला-दिल्ली हाईवे स्थित शास्त्री कॉलोनी के निकट गश्त पर तैनात थी। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि डेहा कॉलोनी सिटी निवासी अंजली, रेखा और अनवर उर्फ अभी हेरोइन सप्लाई करने का धंधा करते हैं। वे किराए की स्विफ्ट कार में दिल्ली से हेरोइन लेने गए हुए हैं। थोड़ी देर में शाहाबाद की तरफ से डेहा कॉलोनी की तरफ जाएंगे।
पुलिस ने शास्त्री कॉलोनी कट पर नाकाबंदी करके आरोपियों को काबू कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दिल्ली से हेरोइन खरीदकर अंबाला में सप्लाई कर रहे थे। पड़ाव थाना पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। पूछताछ के लिए सीआईए ने आरोपियों को तीन दिन के रिमांड पर लिया है। एसपी ने बताया कि ड्राइवर राजबीर उर्फ राजू व उसकी गाड़ी की तलाशी लेने पर कोई नशीला पदार्थ बरामद नहीं हुआ। पूछताछ में शंभु रेलवे स्टेशन जिला पटियाला निवासी ड्राइवर राजबीर ने बताया कि वह नशे के धंधे के संलिप्त लोगों को 15 हजार रुपये में किराए पर गाड़ी उपलब्ध कराता है। आरोपी ड्राइवर के पिता रेलवे में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है। पुलिस द्वारा गाड़ी में बैठी अंजली व रेखा के पर्स की तलाशी लेने पर 300-300 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी अनवर उर्फ अभी की तलाशी लेने पर जेब से 400 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसकी कीमत करीब पांच करोड़ रुपये है।
आरोपियों के पारिवारिक सदस्य भी नशे के कारोबार में संलिप्त
एसपी जश्नदीप सिंह ने बताया कि चारों आरोपियों का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड है। ये आरोपी पहले लंबे समय से काफी सक्रिय हैं। पुलिस आरोपियों का रिकॉर्ड खंगाल रही है। पुलिस जल्द ही हेरोइन के सप्लायर तक पहुंचेगी। एसपी ने बताया कि आरोपियों के पारिवारिक सदस्य भी नशे के धंधे में संलिप्त हैं। पुलिस जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार करेगी।