संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। सीआईए-2 ने सिटी व छावनी में वाहन चोरी के मामलों को सुलझा लिया है। इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से तीन एक्टिवा, तीन बाइक और तीन बाइक के इंजन व अन्य सामान बरामद किया है। आरोपियों की पहचान गरौली गांव निवासी अश्विनी उर्फ गोल्डी व जोनी, नगला नानकू गांव निवासी गुरविंदर उर्फ शशा और सिटी के बस्ती बाजार निवासी आशीष कुमार के तौर पर हुई है।
आरोपियों को कोर्ट के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मुख्य आरोपी जोनी के खिलाफ पहले भी चोरी व फिरौती से संबंधित कई मामले दर्ज है। पूछताछ के दौरान आरोपी जोनी ने थाना साहा क्षेत्र में जेवरात चोरी करना भी कबूल किया है। सीआईए-2 निरीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि एक्टिवा चोरी के मामले में पुलिस टीम लगातार कार्य कर रही थी। इन मामलों में सीआईए-2 ने कार्यवाही करते हुए चार आरोपियों को काबू किया। मुख्य आरोपी जोनी ने 9 बाइक चोरी की थीa। आरोपी अश्विनी व गुरविंदर इनके पार्ट्स बेचने का कार्य करते थे। इस संबंध में थाना सिटी में एक्टिवा चोरी का मामला दर्ज था, वहीं थाना अंबाला छावनी में दर्ज एक्टिवा चोरी के एक अन्य मामले में पुलिस ने आरोपी आशीष कुमार को भी गिरफ्तार कर एक्टिवा बरामद कर ली है।