अंबाला सिटी में सूर्य देव को अर्घ्य देते पूर्व मेंत्री असीम गोयल। प्रवक्ता
अंबाला सिटी। लोक आस्था, सूर्य उपासना और छठी मैया की आराधना के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर पूर्व मंत्री असीम गोयल ने रविवार को शहर के विभिन्न स्थानों पर आयोजित छठ महोत्सव कार्यक्रमों में शिरकत की।
इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ मिलकर भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया और छठी मैया के चरणों में नमन कर सभी के सुख, समृद्धि व खुशहाली की कामना की। पूर्व मंत्री असीम गोयल ने अपने कार्यक्रमों की शुरुआत नसीरपुर से की, जहां पूर्वांचल छठ महापर्व सेवा समिति की ओर से भव्य छठ महोत्सव का आयोजन किया गया था।
यहां उन्होंने श्रद्धालुओं के बीच पहुंचकर छठी मैया का आशीर्वाद लिया और सभी को छठ महापर्व की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। इसके बाद असीम गोयल घग्गर नदी पहुंचे, जहां भोलेनाथ क्लब की ओर से आयोजित छठ महोत्सव कार्यक्रम में उन्होंने भाग लिया।
इसके बाद बलदेव नगर में छठ सेवा समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में शिरकत कर श्रद्धालुओं को पर्व की शुभकामनाएं दीं।
वहीं जड़ोत रोड पर छठ पूजा उत्सव समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में भी पहुंचकर उन्होंने पूजा-अर्चना की और भगवान सूर्यदेव के समक्ष नतमस्तक होकर सभी के मंगलमय जीवन की कामना की। पूर्व मंत्री असीम गोयल ने कहा कि छठ महापर्व हमारी भारतीय संस्कृति, आस्था, अनुशासन और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। छठ के पारंपरिक गीत पर्व की धार्मिक और सांस्कृतिक सुंदरता को बढ़ाते हैं। परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी उम्र और खुशहाली के लिए छठी मइया की आराधना की जाती है।
अंबाला सिटी में सूर्य देव को अर्घ्य देते पूर्व मेंत्री असीम गोयल। प्रवक्ता