प्रैसवार्ता के दौरान जानकारी देते हुए ललित चौधरी, बीएस बिंद्रा व अन्य
- फोटो : Ambala
25 साल बाद एक बार फिर अंबाला में आज इतिहास दोहराया जाएगा। आज यानी 11 फरवरी से फुटबॉल की सीनियर स्टेट चैंपियनशिप का शुभारंभ होगा। 25 साल के अंदर कभी भी अंबाला में यह चैंपियनशिप नहीं हुई, जबकि इस चैंपियनशिप के जरिए अंबाला की टीम को भी यह चैंपियनशिप जीतने का सुनहरा मौका मिलेगा। जब वह अपने ही शहर में दूसरे शहरों की टीमों को मात देकर जीत का परचम लहराएंगे। हरियाणा स्टेट फुटबॉल एसोसिएशन के महासचिव ललित चौधरी ने बुधवार को जीएमएन कॉलेज में हुई प्रेसवार्ता में बताया कि करीब 30 साल पहले अंबाला की टीम जीती होगी, लेकिन इस बीच कभी नहीं जीती।
उन्होंने कहा कि 11 से 14 फरवरी तक अंबाला के एसडी कॉलेज और जीएमएन कॉलेज दोनों के मैदान में 22 जिलों की टीमें हिस्सा लेकर भिड़ंत करेंगी। इस बीच हरियाणा पुलिस व हरियाणा इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड की टीम भी अपना दमखम दिखाएगी। इसका शुभारंभ हरियाणा के खेल मंत्री संदीप सिंह जीएमएन कॉलेज के मैदान में दोपहर 2 बजे मैच खिलाकर करेंगे, जबकि पहले दो दिन रोजाना दोनों मैदानों के अंदर 4-4 मैच होंगे। 14 फरवरी को फाइनल मुकाबले में गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज बतौर मुख्यातिथि के रूप में शामिल होकर विजेता टीम को चैंपियनशिप की ट्राफी देकर सम्मानित करेंगे।
बिना निगेटिव रिपोर्ट के नहीं खेल सकेंगे खिलाड़ी
ललित चौधरी ने बताया कि कोरोना महामारी को देखते हुए खिलाड़ियों के लिए कोविड की निगेटिव रिपोर्ट अनिवार्य की गई है। बिना रिपोर्ट के खेलने नहीं दिया जाएगा, जबकि मैदान के अंदर खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिए डॉक्टरों की टीम के साथ-साथ लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस भी उपलब्ध होगी। सभी टीमों के ठहरने व खाने पीने की व्यवस्था वारहीरोज स्टेडियम के पास स्काउट एंड गाइड की बिल्डिंग में की जाएगी। रोजाना 9 से 5 बजे तक मैच होंगे।
एसोसिएशन ने यह गिनवाई अपनी उपलब्धियां
तीन साल पहले ही एसोसिएशन का जिम्मा मिलने पर ललित चौधरी ने अपनी उपलब्धियां गिनवाई। उनका कहना था कि हरियाणा के अंदर जूनियर ब्यॉज में नेशनल विनर रह चुके हैं। स्कूल लैवल पर ऑलइंडिया विजेता और अंडर-17 नेशनल में चैम्पियन है। जबकि लड़कियों की टीम बहुत अच्छा खेल रही है। पांच लड़कियां इंडिया के कैंप में शामिल है। इसके अलावा हरियाणा से कुल 12 महिलाओं ने इंडिया का प्रतिनिधित्व किया। जूनियर ब्याज के कैंप 2 और इंडिया के वूमेन अंडर-17 कैंप में 6 खिलाड़ी शामिल है।