अंबाला कैंट के वारहीरोज मेमोरियल स्टेडियम के बाहर चौक पर बनी फुटबॉल की प्रतिमा ढकी हुई: संवाद
अंबाला। खेल जगत में फुटबॉल के गढ़ के रूप में विख्यात अंबाला की पहचान को चार चांद लगाने के लिए तैयार किया गया फुटबॉल चौक पिछले एक महीने से उद्घाटन की राह देख रहा है। करीब 12 लाख रुपये की लागत से बनकर तैयार हुआ यह खूबसूरत चौक इस समय प्रशासनिक उदासीनता के कारण काले पर्दे में लिपटा हुआ है। शहर के सौंदर्य को बढ़ाने वाला यह प्रोजेक्ट बनकर पूरा हो चुका है पर नगर परिषद के अधिकारियों की सुस्ती के कारण इसे जनता को समर्पित नहीं किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार रोजाना सैकड़ों खिलाड़ी वारहीरोज मेमोरियल स्टेडियम में प्रशिक्षण के लिए पहुंचते हैं। यह चौक स्टेडियम के सामने फव्वारे वाली जगह पर बना हुआ है। जबकि शहर का मुख्य चौराहा होने के कारण यहां से सैकड़ों राहगीरों का आवागमन होता है। जो काले पर्दे को देखकर यहीं सवाल करते हैं कि आखिर कब और कौन करेगा इसका उद्घाटन।
विवाद के बाद बदला गया था फुटबॉल का आकार
इस चौक के निर्माण के दौरान यह विवाद भी हो गया था। नगर परिषद के ठकेदार द्वारा जब पहले यहां फुटबॉल की प्रतिमा स्थापित की गई, तो उसका आकार काफी छोटा था। इसे लेकर खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने आपत्ति जताई थी कि देश को बेहतरीन फुटबॉल खिलाड़ी देने वाले अंबाला की पहचान के मुकाबले यह प्रतिमा बेहद बौनी नजर आ रही है। विरोध बढ़ता देख नगर परिषद ने अपनी गलती सुधारी और पुरानी प्रतिमा को हटाकर विशेष रूप से बड़े आकार की नई फुटबॉल प्रतिमा तैयार करवाई, जिसे पिछले महीने स्थापित कर दिया गया।
नगर परिषद की तरफ से यह फुटबॉल की प्रतिमा बनाई जा रही है। उनके द्वारा ही इसके उद्घाटन का निर्णय लिया जाना है।
रामस्वरूप, जिला खेल अधिकारी अंबाला
-
फुटबॉल की प्रतिमा का आकार पहले छोटा होने के कारण दोबारा बड़ा करके लगाया गया है। जल्द ही इसका उद्घाटन कर दिया जाएगा।
सुरेंद्र सिंह, एक्सईएन, नगर परिषद अंबाला
-