अंबाला। कैंट के पटेल नगर में सिलेंडरों से गैस चोरी का मामला सामने आने के बाद खाद्य एवं आपूर्ति विभाग हरकत में आ गया है। विभाग की तरफ से पहले भी समय-समय पर गैस एजेंसियों की जांच की जाती थी। दोबारा विभाग सभी गैस एजेंसियों के रिकॉर्ड को खंगालेगा, साथ ही सभी एजेंसियों के गोदाम व एजेंसी संचालकों को भी सावधानी बरतने व लापरवाही सामने आने पर कार्रवाई की चेतावनी देगा।
उधर, पुलिस भी इस मामले की गहनता से जांच में जुटी हुई है। हालांकि इस मामले में मौके पर पकड़े गए बैंक कॉलोनी निवासी सुरेंद्र को पुलिस ने काबू कर जमानत पर रिहा कर दिया था। इस जांच में अब एक गैस एजेंसी के मालिक की भी संलिप्तता सामने आ रही है। पुलिस की तरफ से अभी इसकी पुष्टि नहीं की गई है। उधर, खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक अपार तिवारी ने बताया कि सिलेंडर कहां से आए यह पुलिस की जांच का विषय है। वह अपने स्तर पर भी गैस एजेंसियों की जांच करेंगे।
भारी मात्रा में सिलेंडर मिलना गैस एजेंसी के जुड़ाव की तरफ कर रहा इशारा
पटेल नगर के किराये के मकान से भारी संख्या यानी 116 सिलिंडर मिलना अपने आप में कई सवाल खड़े कर चुका है। किसी व्यक्ति या डिलवरी करने वाले व्यक्ति के तहत ज्यादा से ज्यादा 10 से 20 सिलेंडर हो सकते हैं लेकिन इसी मात्रा में सिलेंडर किसी गैस एजेंसी में ही होते हैं। ऐसे में किसी गैस एजेंसी के जुड़ाव की भी बात सामने आ रही है। करधान चौकी प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि अभी मामले की गहनता से जांच की जा रही है।