अंबाला। बब्याल में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के मामले में बुधवार को दूसरे जेई पर भी गाज गिर गई। विभाग ने जेई को चार्जशीट किया है और उनसे जवाब मांगा है, जिससे कि मामले से जुड़ी सच्चाई उच्चाधिकारियों तक पहुंच सके। इसके आधार पर ही विभाग आगामी कार्यवाही करेगा।
निलंबित चल रहे एचकेआरएन जेई के साथ बुधवार को कुछ भाजपा नेता हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज के निवास पर भी पहुंचे। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान हुई अपनी गलती को स्वीकार किया और जेई को माफ करने का आग्रह किया। मंत्री ने सख्त लहजे में कहा कि उनके कार्यक्रम में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। हालांकि अब इस मामले में आगामी क्या कार्रवाई होगी वो भी मंत्री के मूड पर निर्भर करती है कि वो कर्मचारियों को बख्श देंगे या नहीं। इस मामले में अब वीरवार को होने वाले बाढ़ प्रबंधन कार्यक्रम में भी उन अधिकारियों की क्लास लगना तय माना जा रहा है जोकि कार्यक्रम के दौरान अनुपस्थित रहे थे।
यह था मामला
रविवार को बब्याल में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का उद्धाटन हरियाणा के परिवहन, उर्जा व श्रम मंत्री अनिल विज ने किया था। कार्यक्रम के दौरान जिस पोडियम से वो जनता को संबोधित कर रहे थे, उस पर विपक्षी नेत्री का फोटो चस्पा हुआ था जोकि आधा-अधूरा था। जब सोशल मीडिया के माध्यम से यह जानकारी कैबिनेट मंत्री के संज्ञान में आया तो उन्होंने नियमों की अवहेलना करने के मामले में उच्चाधिकारियों को फोन पर रोष जताया और लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई की बात कही। इस मामले में अंबाला के निगम आयुक्त विरेंद्र लाठर ने कार्रवाई करते हुए एचकेआरएन के तहत लगे एक जेई को निलंबित कर दिया था, जबकि अन्य कर्मचारियों की संस्तुति की थी।