अंबाला सिटी। कार्रवाई करने के लिए हीरा नगर फास्टफूड फैक्टरी में पहुंची खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम वहां की स्थिति देखकर हैरान रह गई। हालात यह थे कि फैक्टरी के पास बदबू के कारण खड़े होना भी मुश्किल हो रहा था। जो स्प्रिंगरोल बनाए जा रहे थे वह खुले पड़े थे, जिनपर मक्खियां बैठ रहीं थी और आस-पास गंदगी का ढेर लगा हुआ था। पूरी जगह पर मैदा फैला हुआ था। जहां पर सब्जियां धाेने का कार्य किया जाता था, वहां पर भी गंदगी का आलम रहा। वहीं जिस मशीन से सब्जियां काटी जा रही थी वह भी गंदगी से भरी पड़ी थी।
इसके अलावा जो चाउमीन स्प्रिंगरोल में भरी जा रही थी, वह भी खुले में थी और मक्खियां इस पर मंडरा रही थी। वहीं मोमोज में भरे जा रहे सामान और उसके आस-पास भी गंदगी का माहौल था। यहां से शहर में जगह-जगह पर सामान की सप्लाई होती है। यहीं स्थिति देखकर खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने सैंपल भरे और सफाई न मिलने पर फैक्टरी संचालक को नोटिस दिया।
फैक्टरी में स्थिति देखकर खफा जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजीव ने मालिक से पूछा कि जो सामान वह तैयार कर रहे हैं, क्या उसे कभी खुद भी खाते हैं। इस पर कर्मचारी और मालिक कोई जवाब देते नहीं बने।
आने वाले दिनों में अन्य फैक्टरियों पर होगी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम अन्य फैक्टरियों पर भी छापामारी करते हुए सैंपल भरने का कार्य करेगी। गत दिवस ही फास्ट फूड फैक्टरी में गंदगी में सामान तैयार करने का वीडियो वायरल हुआ था। इसके बाद हरकत में आए खाद्य सुरक्षा विभाग ने इस कार्रवाई को अंजाम देते हुए सैंपल भरने का काम किया।
एक वीडियो वायरल हो रही थी। इसमें गंदगी में खाना तैयार होता दिखाई दे रहा था। इसी को लेकर हमने कार्रवाई की और तीन सैंपल भरे हैं। सैंपल जांच के लिए भेज दिए गए हैं। अब रिपोर्ट का इंतजार है। वहीं सफाई व्यवस्था को लेकर भी निर्देश दिए हैं। आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।
- डॉ. राजीव, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी, अंबाला।