अंबाला। देशभक्ति, पर्यावरण जागरूकता व युवाओं में देशभक्ति का जोश भरने के लिए नई दिल्ली से निकली शौर्य भारत कार रैली का शुक्रवार दोपहर अंबाला कैंट के वायुसेना स्टेशन में ध्वजारोहण से स्वागत हुआ। सेना के साथ पर्यावरण का विकास थीम पर आधारित इस रैली का लक्ष्य भारत के रक्षकों को श्रद्धांजलि देते हुए पर्यावरणीय स्थिरता को बढ़ावा देना है। इस कार रैली का उद्देश्य ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का स्मरण करते हुए हमारे सशस्त्र बलों की वीरता को सम्मानित करना है।
अंबाला वायुसेना स्टेशन पर रैली के स्वागत में ध्वजारोहण समारोह का संचालन वायु सेना के एयर ऑफिसर कमांडिंग एयर कमोडोर बी सतीश ने विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन भारत की सबसे बड़ी सैन्य शक्तियों भारतीय सशस्त्र बलों के अदम्य साहस और पर्यावरणीय स्थिरता के प्रति राष्ट्र की प्रतिबद्धता के एक शक्तिशाली संगम का प्रतिनिधित्व करता है, इसमें वायु सेना, थलसेना, नौसेना, डीआरडीओ, तटरक्षक बल, एनसीसी सहित रक्षा मंत्रालय के कुल 112 प्रतिभागी रैली का हिस्सा हैं।
800 किलोमीटर की दूरी होगी तय, 40 कारें शामिल
यह रैली प्रोग्रेस हार्मनी डेवलपमेंट चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (पीएचडीसीसीआई) द्वारा भारतीय वायु सेना एडवेंचर विंग के सहयोग से आयोजित की जा रही है। यह रैली 40 प्रायोजित टाटा वाहनों, जिनमें मुख्य रूप से इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) और हाइब्रिड वाहन शामिल हैं, द्वारा लगभग 800 किलोमीटर की दूरी तय करेगी जो भारत के रक्षा में सेवारत कर्मियों के प्रति एक विशेष श्रद्धांजलि है। इस अवसर पर पीएचडीसीसीआई युवा मामले एवं खेल समिति के अध्यक्ष अरशद शॉल ने कहा कि शौर्य भारत ईवी अभियान सशस्त्र बलों के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। यह रैली शौर्य की भावना और हरित एवं आत्मनिर्भर भारत के दृष्टिकोण को दर्शाती है।
सेना पर है गर्व
रैली में शामिल सभी जवान ऑपरेशन सिंदूर का हिस्सा है, चाहे वो किसी भी तरह हो। हमारी सेना ने इस ऑपरेशन के जरिये दुश्मनों के छक्के छुड़ा दिए। हमें अपने देश की सेना पर गर्व है।
- भूपेंद्र सिंह सहरावत, ग्रुप कैप्टन
युवाओं से संवाद करके उन्हें जागृत करना
रैली के जरिये युवाओं से संवाद करके उन्हें जागृत करने और सशस्त्र बलों में कॅरिअर बनाने के लिए प्रेरित करना है इसके लिए रैली रास्ते में आने वाले कॉलेजों व विश्वविद्यालयों का दौरा करेगी, जिसमें साहस, अनुशासन और देशभक्ति के मूल्यों पर जोर दिया जाएगा।
- देवी दत्ता पांडे, ग्रुप कैप्टन
हमारी सेना किसी से कम नहीं
रैली का हिस्सा बनकर बेहद उत्साहित हैं। जगह-जगह युवाओं में भी रैली को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। ऑपरेशन सिंदूर से यह साबित हो गया है कि हमारी सेना किसी से कम नहीं है।
- ज्योति, विंग कमांडर