संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। शिक्षा मंत्रालय ने जिले में पांच नए पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों की सौगात दी है। पहले जिले में छह पीएम श्री राजकीय स्कूल बनाए गए हैं। अब जिले में कुल 11 पीएम श्री स्कूल हो गए हैं। इन स्कूलों में सीबीएसई बोर्ड से एफिलिएशन होने के बाद अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई करवाई जाएगी।
विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाएं भी पीएम श्री स्कूलों में मिलेंगी। पहले से बनाए गए छह पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों में प्रत्येक स्कूल को 10 से 15 लाख का बजट दिया गया है। इस बजट को खर्च करने के लिए स्कूलों को 31 मार्च तक का लक्ष्य दिया गया है। बीते बुधवार को पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल दुराना में जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी कम जिला परियोजना समन्वयक सुधीर कालड़ा ने औचक निरीक्षण कर स्कूल को मिली ग्रांट को लेकर जानकारी ली थी।
विभाग ने दूसरे चरण में अंबाला खंड वन में शहर बलदेव नगर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल, खंड अंबाला टू में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल घेल, खंड नारायणगढ़ में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल ज्योली, खंड साहा में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल केसरी, खंड शहजादपुर में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल पतरहेड़ी को पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल बनाया है।
इससे पहले जिले में छह पीएम श्री स्कूल बनाए गए हैं। इनमें पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल दुराना, रामबाग रोड, बराड़ा के उगाला, साहा, राजकीय कन्या स्कूल शहजादपुर, नारायणगढ़ स्कूल शामिल हैं। वहीं, नए बनाए गए पीएम श्री स्कूलों में नए सत्र से सुविधाएं मिलनी शुरू होंगी। पीएम श्री में जिले में चल रहे अन्य राजकीय स्कूलों के मुकाबले सुविधाएं भी ज्यादा मिलती हैं।
जिले में पांच और राजकीय स्कूलों को पीएम श्री स्कूल बनाया गया है। इससे पहले छह राजकीय स्कूल पीएम श्री स्कूल बनाए थे। नए सत्र में इन स्कूलों में सीबीएसई से एफिलिएशन करवाई जाएगी। विद्यार्थियों को पीएम श्री स्कूलों में अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई करवाई जाएगी और आधुनिक सुविधाएं भी मुहैया करवाई जाएंगी। - सुधीर कालड़ा, डीईईओ कम डीपीसी, अंबाला।