संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। छावनी नागरिक अस्पताल की पार्किंग में 10 रुपये की पर्ची को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते युवक व उसके साथ आई महिलाओं ने पार्किंग के कर्मचारियों से बहस कर दी और हाथापाई शुरू कर दी। शोर सुनने के बाद अस्पताल में आने वाले मरीजों व तीमारदारों का इमरजेंसी के बाहर जमावड़ा लग गया।
इस दौरान पार्किंग के एक कर्मचारी की कमीज भी फट गई उसे मारपीट हुई। तभी तीमारदारों ने बीचबचाव कर उन्हें हटाया। सूचना के बाद अस्पताल चौकी से मुलाजिम भी पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाने के बाद मामला शांत करवाया। इस मारपीट को लेकर दोनों की तरफ से इलाका पुलिस को शिकायत नहीं दी गई।
अस्पताल की पार्किंग में रेडक्रॉस की ओर से पर्ची काटी जाती है। एक मरीज हाथ में चोट लगने के कारण आया। पहले तो कर्मचारी ने पर्ची के लिए बोला लेकिन जैसे ही हाथ में चोट लगी देखी तो प्राथमिक उपचार के लिए इमरजेंसी में ले जाने के लिए बोला। इतने में मरीज के साथ आए व्यक्ति ने बहस शुरू कर दी और गालीगलौज करने लगा। इसी बीच युवक ने अपने साथियों व महिलाओं के साथ मिलकर मारपीट शुरू कर दी।