अंबाला सिटी। अर्बन इस्टेट निवासी मुनीष से फेक स्टॉक मार्केटिंग और ट्रेडिंग के नाम पर धोखाधड़ी मामले में काबू साइबर ठग गिरोह के दो सदस्यों से पांच लाख रुपये ओर बरामद हुए हैं। सात दिन के रिमांड के दौरान यह राशि हार्दिक और दिवेश से बरामद हुई। जबकि दिवेश के पास गुरुग्राम में एक फ्लैट भी मिला है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।
शनिवार दोनों आरोपियों का सात दिन का रिमांड खत्म होने के बाद कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। बता दें कि इस धोखाधड़ी मामले में पुलिस अब तक 18 लाख 74 हजार नकदी, रुपये गिनने की मशीन, लैपटाॅप, सात मोबाइल फोन, 25 एटीएम कार्ड, छह चेक बुक बरामद कर चुकी है। जांच में पाया कि आरोपियों पर अलग-अलग राज्य में 47 शिकायतें भी मिली है।
दिवेश और हार्दिक से पहले भी मिली थी राशि
पुलिस ने बताया कि आरोपी दिवेश के फ्लैट से पहले 10 लाख 72 हजार रुपये की नकदी सहित अन्य सामान बरामद हुआ था और हार्दिक से एक लाख 80 हजार रुपये और फोन मिला था। दरअसल, 25 मार्च को साइबर पुलिस टीम निरीक्षक विनोद कुमार, पी उपनिरीक्षक अंकित, पी उपनिरीक्षक कमलजीत व सुशील, सह उपनिरीक्षक सुनील और सह उपनिरीक्षक जयदेव, मुख्य सिपाही नवदीप ने पहले चार आरोपियों को काबू किया था। इन आरोपियों में गुरुग्राम निवासी सुमित तंवर, नरेंद्र शुक्ला, हर्षित, शैलेंद्र सिंह को काबू किया था। पांच दिन कर कर रिमांड लिया था। पूछताछ में बैंक मैनेजर गौरव और दिवेश की संलिप्तता सामने आई थी।